भारत के युवा शतरंज खिलाड़ियों को कोचिंग देंगे विश्वनाथन आनंद

चेन्नई में लगेगा 11 दिन का शिविर, बोरिस गेलफेंड भी रहेंगे साथ
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
पांच बार के विश्व चैम्पियन विश्वनाथन आनंद के साथ दिग्गज शतरंज खिलाडियों में शुमार रहे इस्राइल के बोरिस गेलफेंड भारतीय शतरंज टीम को चेस ओलम्पियाड के लिए तैयार करेंगे। भारतीय खिलाड़ियों का शिविर चेन्नई में सात से 17 मई तक लगेगा, जिसके लिए भारतीय शतरंज महासंघ ने गेलफेंड को कोच नियुक्त किया है। 
चेन्नई में 28 जुलाई से होने वाले चेस ओलम्पियाड के इस शिविर में ओपन और महिला वर्ग की चार टीमें शिरकत करेंगी। मुख्य महिला टीम की सदस्य और पूर्व रैपिड विश्व चैम्पियन कोनेरु हंपी का कहना है कि वह अमूमन शिविरों में शिरकत नहीं करती हैं, लेकिन यह आनंद और गेलफेंड जैसे दिग्गजों से सीखने का अच्छा मौका है। गेलफेंड छह बार के विश्व चैम्पियनशिप कैंडिडेट भी हैं। उन्होंने विश्व चैम्पियन खिताब के लिए एक बार आनंद को भी चुनौती दी थी, जिसमें उन्हें पराजय का सामना करना पड़ा था। 
52 वर्षीय गेलफेंड ने 2009 में विश्व कप जीता था। इसके अलावा वह इस्राइल के लिए 11 बार चेस ओलम्पियाड में भाग ले चुके हैं। 1990 से 2017 तक वह फीडे रैंकिंग में शीर्ष 30 खिलाडियों में शुमार रहे हैं। 
शतंरज महासंघ के अध्यक्ष संजय कपूर का कहना है कि वह भारतीय टीमों की तैयारियों के लिए सब कुछ सुनिश्चित करना चाहते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए गेलफेंड जैसे कोच और खिलाड़ी की सेवाएं ली जा रही हैं। 10वां चेस ओलम्पियाड खेलने जा रहे पी हरिकृष्णा का कहना है कि एक कोच के रूप में गेलफेंड का होना बड़ी बात है। उनका अनुभव और ज्ञान भारतीय टीम की काफी मदद करेगा।

रिलेटेड पोस्ट्स