भारतीय टेस्ट टीम की कप्तानी कर सकते हैं ऋषभ पंतः युवराज सिंह

मुम्बई। भारत के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर और 2011 वनडे विश्व कप के प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे युवराज सिंह ने भारतीय टेस्ट टीम के भविष्य के कप्तान को लेकर बयान दिया है। युवी का मानना है कि आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी कर रहे ऋषभ पंत भारतीय टेस्ट टीम की कप्तानी कर सकते हैं। युवराज ने कहा कि वह पंत को टेस्ट टीम की कप्तानी करते हुए देखना चाहते हैं।
युवी ने 'स्पोर्ट्स 18' से बातचीत में कहा कि पंत के अंदर कप्तान बनने की काबिलियत है। विकेटकीपर एक अच्छा सोचने और स्ट्रैट्जी बनाने वाला खिलाड़ी होता है। वह चीजों को नजदीक से देखता और उसी मुताबिक रणनीति तैयार कर सकता है। युवराज ने महेंद्र सिंह धोनी का उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे धोनी ने कप्तान बनकर गेम चलाया, वैसे ही पंत भी गेम चला सकते हैं।
युवी ने कहा कि चयनकर्ताओं को पंत के भविष्य को लेकर फैसला करना चाहिए। पंत भविष्य में कप्तान बनने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने कहा कि एक ऐसे युवा को चुना जाना चाहिए, जिसमें भविष्य में नेतृत्व करने की क्षमता दिखती हो। उसे फिर समय दिया जाना चाहिए और पहले छह महीने में ही चमत्कार की उम्मीद नहीं करना चाहिए।
युवी ने पंत के परिपक्वता को लेकर उठ रहे सवाल पर भी राय दी। उन्होंने कहा कि पंत समय के साथ परिपक्व हो रहे हैं। वही सीख रहे हैं और समय के साथ उनमें काफी बदलाव भी आए हैं। युवराज ने कहा कि पंत एडम गिलक्रिस्ट की याद दिलाते हैं। गिलक्रिस्ट ने सात नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए टेस्ट में 17 शतक लगाए थे। वहीं, पंत अब तक टेस्ट में चार शतक लगा चुके हैं। 

रिलेटेड पोस्ट्स