आईपीएल में अब दिखेगा 'लखनऊ सुपर जाइंट्स'का जलवा

फ्रेंचाइजी मालिक संजीव गोयनका ने नई टीम के नाम का ऐलान किया
पुणे सुपर जाइंट्स भी उनकी ही टीम थी
खेलपथ संवाद
लखनऊ।
आईपीएल 2022 से डेब्यू कर रही दो नई टीमों में से एक का नाम सामने आ गया है। लखनऊ फ्रेंचाइजी के मालिक संजीव गोयनका ने बताया कि उनकी टीम लखनऊ सुपर जाइंट्स कहलाएगी। गोयनका ने बताया कि उन्होंने टीम का नाम लोगों के बीच चलाए गए कैंपेन के नतीजे के आधार पर रखा है।
गोयनका पहली बार किसी आईपीएल टीम के मालिक नहीं बने हैं। वे 2016 और 2017 सीजन में खेली टीम पुणे सुपर जाइंट्स के भी मालिक थे। तब स्पॉट फिक्सिंग सहित कई अनियमितता के कारण चेन्नई और राजस्थान टीम पर दो साल का बैन लगा था और उनकी जगह दो नई टीमों में लीग में हिस्सा लिया था। इनमें से एक टीम पुणे सुपर जाइंट्स थी।
आरपी संजीव गोयनका ग्रुप ने 7090 रुपए की बड़ी बोली लगाकर लखनऊ फ्रेंचाइजी खरीदी है। यह नीलामी अक्टूबर में हुई थी। एक अन्य टीम अहमदाबाद की है। इसे ग्लोबल प्राइवेट इक्विटी फर्म CVC कैपिटल ने खरीदा है। लखनऊ फ्रेंचाइजी ने अगले सीजन के लिए टीम इंडिया के स्टार क्रिकेटर केएल राहुल को कप्तान बनाने का फैसला लिया है। राहुल पिछले सीजन में पंजाब किंग्स का हिस्सा थे। लखनऊ ने राहुल को 17 करोड़ रुपए में अपने साथ जोड़ा है। उनके अलावा मार्कस स्टोइनिस और रवि विश्नोई भी टीम का हिस्सा हैं। बाकी खिलाड़ी 12 और 13 फरवरी को बेंगलुरु में होने वाले मेगा ऑक्शन में खरीदे जाएंगे।

रिलेटेड पोस्ट्स