विराट कोहली के शॉट चयन से निराश हैं सुनील गावस्कर

भारतीय कप्तान की जमकर आलोचना की
नई दिल्ली।
भारतीय कप्तान विराट कोहली लगातार पांचवीं पारी में अर्धशतक लगाने मे नाकाम रहे। कोहली दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सेंचुरियन में खेले जा रहे पहले टेस्ट में 35 और 18 रन की छोटी पारी खेलकर आउट हुए। वे दूसरी पारी में मार्को जानसेन की गेंद पर विकेटकीपर क्विंटन डिकॉक को कैच थमा बैठे। कोहली के आउट होने के तरीके से पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर नाराज दिखे। उन्होंने भारतीय कप्तान की जमकर आलोचना की है।
कोहली पहली पारी में भी बाहर जाती हुई गेंद पर ड्राइव करने के प्रयास में आउट हुए थे। लुंगी एनगिडी की गेंद पर स्लिप में वियान मूल्डर ने उनका कैच लिया था। बार-बार कोहली की एक ही गलती को देखकर सुनील गावस्कर ने इसे खराब शॉट बताया। उनका मानना है कि कोहली को इसे छोड़ देना चाहिए था। लंच के तुरंत बाद इस तरह का शॉट विराट को नहीं खेलना चाहिए था। उन्हें खुद को टिकने का समय देना चाहिए था।
गावस्कर ने कहा, “गेंद ऑफ स्टंप से बाहर की ओर जा रही थी। देखिए कितना दूर जाकर उन्होंने शॉट को खेला। करीब-करीब पहली पारी की तरह ही वे आउट हुए। लंच के बाद पहली गेंद पर यह एक खराब शॉट था। हर बल्लेबाज खुद को टिकने के लिए थोड़ा समय देता है। लंच को तो छोड़िए ड्रिंक्स के बाद भी। शायद वो पारी घोषित करने के बारे में सोच रहे थे। इस कारण तेजी से रन बनाना चाहते थे।”
कोहली लगातार दूसरे साल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शतक नहीं लगा सके। 2020 के बाद 2021 भी उनके लिए खराब रहा। विराट ने अपना पिछला शतक 767 दिन पहले लगाया था। कोहली ने आखिरी शतक कोलकाता के ईडन गार्डन्स पर 22 नवंबर 2019 को बांग्लादेश के खिलाफ लगाया था।
इस साल उनके प्रदर्शन को देखें तो तीनों फॉर्मेट को मिलाकर 24 मैच की 30 पारियों में उन्होंने 964 रन बनाए। इस दौरान उनका औसत 37.07 रहा। उन्होंने सिर्फ 10 अर्धशतक लगाए। विराट ने इस साल 11 टेस्ट में 28.21 की औसत से 536 रन बनाए। तीन वनडे में 43 की औसत से 129 रन और 10 टी20 मैचों में 74.75 की औसत से 299 रन बनाए।

रिलेटेड पोस्ट्स