क्रिकेट को ओलम्पिक 2028 में जगह मिलने की उम्मीद

अंतरराष्ट्रीय ओलम्पिक समिति तीन खेलों को बाहर करने के मूड में
नयी दिल्ली।
अंतरराष्ट्रीय ओलम्पिक समिति (आईओसी) की प्रारम्भिक सूची में जगह नहीं मिलने के बावजूद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट समिति (आईसीसी) को उम्मीद है कि क्रिकेट अतिरिक्त खेल के रूप में लॉस एंजिल्स ओलम्पिक खेल 2028 में स्थान पाने में सफल रहेगा। 
आईओसी ने ओलम्पिक 2028 के लिये 28 खेलों की प्रारंभिक सूची जारी की, जिसमें स्केटबोर्डिंग, सर्फिंग और स्पोर्ट क्लाइंबिंग भी शामिल हैं। मुक्केबाजी, भारोत्तोलन और मॉडर्न पेंटाथलॉन को इसमें शामिल नहीं किया गया है। इन खेलों के संबंधित अंतरराष्ट्रीय महासंघों को ओलम्पिक 2028 में अपना स्थान सुरक्षित करने के लिये कुछ मानदंडों को पूरा करने के लिये 2023 तक का समय दिया गया है। इस सूची को अगले साल फरवरी में बीजिंग में आईओसी बैठक में मंजूरी के लिये रखा जाएगा जोकि महज औपचारिक होने की संभावना है। 
मेजबान शहर लॉस एंजिल्स ओलम्पिक 2028 में शामिल करने के लिये 2023 में अतिरिक्त खेलों का प्रस्ताव रख सकता है और आईसीसी को उम्मीद है कि इनमें क्रिकेट भी शामिल होगा। बेसबॉल, साफ्टबॉल और अमेरिकी फुटबॉल का एक अन्य प्रकार ओलम्पिक 2028 में अतिरिक्त खेल के लिये दौड़ में शामिल हो सकते हैं। आईसीसी बोर्ड के एक सदस्य ने गोपनीयता की शर्त पर कहा, ‘मेजबान शहर द्वारा अतिरिक्त खेलों के चयन की प्रक्रिया अगले साल (2023) से शुरू हो जाएगी और हमें उम्मीद है कि क्रिकेट इसमें शामिल होगा।' 
उन्होंने कहा, ‘हम जानते हैं कि यह (क्रिकेट को एक अतिरिक्त खेल के रूप में शामिल किया जाना) मुश्किल होगा। इसकी कोई गारंटी नहीं है और हमें ओलम्पिक खेल 2028 जगह पाने के लिए कुछ अन्य खेलों से कड़ी चुनौती मिलेगी।'

 

रिलेटेड पोस्ट्स