मुंबई ने तोड़ा हार्दिक से नाता

के.एल. राहुल ने पंजाब से न खेलने को कहा
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
आईपीएल 2022 के लिए 8 टीमों ने अपने रिटेन किए गए खिलाड़ियों के नाम की घोषणा कर दी है। मुंबई इंडियंस ने जहां हार्दिक पंड्या को छोड़ दिया, वहीं, केएल राहुल ने पंजाब किंग्स से अपना नाता तोड़ लिया। सबसे हैरान करने वाला फैसला सनराइजर्स हैदराबाद के खेमे से आया। टी-20 क्रिकेट के सबसे शानदार गेंदबाजों में से एक राशिद खान को फ्रेंचाइजी ने रिटेन नहीं किया।
मुंबई इंडियंस ने जिन 4 खिलाड़ियों को रिटेन किया है उसमे ईशान किशन का नाम नहीं है। टीम का ये फैसला हैरान करने वाला है। ईशान एक विस्फोटक बल्लेबाज के साथ एक कमाल के विकेटकीपर भी हैं। कई पूर्व दिग्गज खिलाड़ियों का मानना था कि मुंबई ईशान को हर हाल में अपने साथ रखेगी। अब देखना है कि मुंबई ऑक्शन में इस खिलाड़ी पर दाव लगाती है या नहीं।
हैदराबाद की टीम ने कप्तान केन विलियम्सन को 14 करोड़ दिए हैं। वहीं, टीम ने अब्दुल समद और उमरान मलिक को 4-4 करोड़ में रिटेन किया है। फ्रेंचाइजी का सबसे हैरान करने वाला फैसला राशिद खान को रिटेन न करना रहा। राशिद हैदराबाद के लिए मैच विनर खिलाड़ी रहे हैं। ऐसे में टीम अगर ऑक्शन में उन्हें नहीं खरीद पाती है तो ये फ्रेंचाइजी की सबसे बड़ी गलती साबित होगी।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने भी अपने दो बड़े खिलाड़ियों को छोड़ दिया है। IPL 2021 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले हर्षल पटेल को टीम ने रिटेन नहीं किया। वहीं, युजवेंद्र चहल जैसे कमाल के स्पिनर को भी टीम में रखना फ्रेंचाइजी ने मुनासिब नहीं समझा। अब ये देखना होगा कि बेंगलुरु ऑक्शन में इन खिलाड़ियों में किसे अपने साथ फिर जोड़ पाती है। वहीं, चेन्नई के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले सुरेश रैना को फ्रेंचाइजी ने रिटेन नहीं किया है। ये काफी हैरान करने वाला फैसला था, क्योंकि 2020 के IPL सीजन तक रैना को धोनी के बाद टीम का कप्तान माना जा रहा था। वहीं, राजस्थान की टीम ने जोफ्रा आर्चर और बेन स्टोक्स को रिटेन न कर सबको हैरान कर दिया।

रिलेटेड पोस्ट्स