भारतीय क्रिकेटर पहुंचे कानपुर

प्लेन में सामान भूले इशांत
तीन दिन तक क्वारंटाइन में रहेंगे सभी खिलाड़ी
25 से शुरू होगा टेस्ट मैच
खेलपथ संवाद
कानपुर।
कानपुर के ग्रीन पार्क में 25 नवंबर से भारत और न्यूजीलैंड के बीच टेस्ट मैच खेला जाएगा। मैच के लिए भारतीय टीम के खिलाड़ियों का कानपुर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। शुक्रवार शाम को इसके 10 सदस्य चकेरी एयरपोर्ट पहुंचे। इनमें कप्तान अजिंक्य रहाणे, चेतेश्वर पुजारा समेत अन्य खिलाड़ी और सहयोगी स्टाफ भी शामिल है। एयरपोर्ट से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उन्हें होटल लैंडमार्क टॉवर ले जाया गया। बाकी खिलाड़ी T20 सीरीज खत्म होने के बाद यहां आएंगे।
चकेरी एयरपोर्ट पर टीम इंडिया चार्टर्ड प्लेन से पहुंची। यहां से खिलाड़ियों को बस से होटल लैंडमार्क टावर ले जाया गया। इस दौरान बायो बबल सिक्योरिटी थी। लैंडमार्क में सभी खिलाड़ी आज से तीन दिनों तक क्वारंटाइन रहेंगे। शुक्रवार को आने वाले खिलाड़ियों में अंजिक्य‌ रहाणे, चेतेश्वर पुजारा, मयंक अग्रवाल, शुभमन गिल, इशांत शर्मा, ऋद्धिमान साहा, उमेश यादव, केएस भरत, जयंत यादव और प्रसिद्ध कृष्णा शामिल हैं। रविंद्र जडेजा, जो अहमदाबाद से आ रहे हैं, करीब 2 घंटे बाद कानपुर पहुंचेंगे। उनकी फ्लाइट लखनऊ में लैंड करेगी और उसके बाद वह सड़क मार्ग से कानपुर के लैंडमार्क टॉवर पहुंचेंगे।
तीन दिन क्वारंटाइन रहने के बाद सभी अन्य खिलाड़ियों के साथ 22 नवंबर से प्रैक्टिस सेशन शुरू करेंगे। लैंड मार्क में बायो बबल को लेकर विशेष सुविधाएं की गई हैं। बायो बबल के लिए एक विशेष गलियारा बनाया गया है। जिसे इंडिया और न्यूजीलैंड की टीम की थीम पर सजाया गया है।
प्लेन में अपना सामान भूले इशांत शर्मा सभी खिलाड़ी बस में सवार हो गए थे। उसके 5 मिनट बाद इशांत शर्मा डिपार्चर गेट से एयरपोर्ट के बाहर निकले। एयरपोर्ट के अधिकारी बताया कि वह अपना कुछ सामान प्लेन में भूल गए थे। उसी को दोबारा लेने वह प्लेन में गए थे।

रिलेटेड पोस्ट्स