असालांका, राजपक्षा ने दिलाई श्रीलंका को बांग्लादेश पर जीत

शारजाह। युवा बल्लेबाज चरित असालांका के 49 गेंद में नाबाद 80 रन और भानुका राजपक्षा के आक्रामक अर्धशतक की मदद से श्रीलंका ने आईसीसी टी20 विश्व कप सुपर 12 चरण ग्रुप एक के मैच में रविवार को बांग्लादेश को पांच विकेट से हरा दिया। श्रीलंका का मध्यक्रम लड़खड़ा गया था लेकिन समय पर वापसी करते हुए उसने 172 रन का लक्ष्य सात गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया। 
असालांका और राजपक्षा (31 गेंद में 53 रन) ने 8.4 ओवर में पांचवें विकेट के लिये 86 रन की साझेदारी की। इस मैच से पहले आठ वनडे और चार टी20 खेल चुके असालांका ने पारी के सूत्रधार की भूमिका निभाते हुए अपनी नाबाद पारी में पांच चौके और पांच छक्के लगाये। दसवें ओवर में आये 30 वर्ष के राजपक्षा ने 31 गेंद की पारी में तीन चौके और तीन छक्के जड़े। इससे पहले श्रीलंका की शुरूआत खराब रही और चौथी ही गेंद पर नासुम अहमद ने कुसल परेरा को पवेलियन भेज दिया। श्रीलंका ने नौ रन के भीतर तीन विकेट गंवा दिये। इसके बाद हालांकि असालांका और राजपक्षा ने पारी को संभाला। 
इससे पहले सलामी बल्लेबाज मोहम्मद नईम और मुशफिकुर रहीम के अर्धशतकों की मदद से बांग्लादेश ने चार विकेट पर 171 रन बनाये। बांग्लादेश का स्कोर आठवें ओवर में दो विकेट पर 56 रन था जिसके बाद नईम और रहीम ने 8.3 ओवर में 73 रन की साझेदारी की। नईम ने 52 गेंद में छह चौकों की मदद से 62 रन बनाये जबकि रहीम 37 गेंद में पांच चौकों और दो छक्कों की मदद से 57 रन बनाये। 

रिलेटेड पोस्ट्स