तीन-चार दिन में ठीक हो जाऊंगा बच्चा

कोरोना संक्रमण के बाद कहा था मिल्खा सिंह ने
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
कोरोना संक्रमण का पता चलने के बाद महान फर्राटा धावक मिल्खा सिंह ने कहा था कि वह जल्दी ठीक हो जायेंगे और उन्हें यकीन था कि अपनी स्वस्थ जीवन शैली और नियमित व्यायाम के दम पर वह वायरस को हरा देंगे। 91 वर्ष के मिल्खा का एक महीने तक कोरोना संक्रमण से जूझने के बाद चंडीगढ़ के पीजीआईएमईआर अस्पताल में निधन हो गया। पंजाब सरकार ने मिल्खा सिंह के निधन पर एक दिन के राजकीय शोक की घोषणा की। 
सोशल मीडिया पर उनके कोरोना पॉजिटिव होने की खबरें आने के बाद जब उनसे संपर्क किया, तो उन्होंने जवाब दिया था, ‘हां बच्चा। मैं 19 मई को कोरोना पॉजिटिव हो गया हूं। लेकिन मैं ठीक हूं। कोई दिक्कत नहीं है। कोई बलगम या बुखार नहीं। यह चला जायेगा। डॉक्टर ने कहा है कि मैं तीन-चार दिन में ठीक हो जाऊंगा।' इसके कुछ दिन बाद एहतियात के तौर पर उन्हें मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी पत्नी और भारतीय वॉलीबॉल टीम की पूर्व कप्तान निर्मल कौर भी कोरोना संक्रमण के कारण अस्पताल में भर्ती हुई और 6 दिन पहले ही उनका निधन हुआ था। परिवार के अनुरोध पर मिल्खा को अस्पताल से छुट्टी मिल गई लेकिन तीन जून को फिर पीजीआईएमईआर में भर्ती कराना पड़ा। मिल्खा ने 20 मई को हुई बातचीत में कहा था, ‘हमारे रसोइये को बुखार था लेकिन उसने बताया था। 
हमने उसे उसके गांव भेज दिया। उसके बाद हम सभी ने कोरोना जांच कराई। मैं हैरान हूं कि मुझे संक्रमण कैसे हो गया।' उन्होंने कहा था, ‘मैं तो घर के भीतर ही रह रहा था। सिर्फ सुबह जॉगिंग और कसरत के लिये निकलता था। मैने कल भी जॉगिंग की। चिंता मत करो, मैं ठीक हो जाऊंगा।' उनकी पत्नी ने कहा था, ‘जिंदगी में पहली बार उन्होंने कमजोरी और शरीर में दर्द की शिकायत की।' 
सदियों तक करेंगे प्रेरित: राष्ट्रपति
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शनिवार को कहा कि मिल्खा सिंह के निधन से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है और महान खिलाड़ी के संघर्ष की कहानी और उनकी शख्सियत पीढ़ियों तक भारतीयों को प्रेरित करती रहेगी।   
देश ने ‘बहुत बड़ा' खिलाड़ी खो दिया : पीएम मोदी
 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हमने एक ‘बहुत बड़ा' खिलाड़ी खो दिया । मोदी ने ट्वीट किया, ‘मिल्खा सिंह जी के निधन से हमने एक बहुत बड़ा खिलाड़ी खो दिया जिनका असंख्य भारतीयों के हृदय में विशेष स्थान था। अपने प्रेरक व्यक्तित्व से वे लाखों के चहेते थे। मैं उनके निधन से आहत हूं।' 
राहुल, प्रियंका ने भी जताया दुख
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने महान धावक मिल्खा सिंह के निधन पर दुख प्रकट करते हुए शनिवार को कहा कि भारत अपने 'फ्लाइंग सिख' को याद करता है। उन्होंने ट्वीट किया, 'मिल्खा सिंह जी न सिर्फ खेल के सितारे थे बल्कि अपने समर्पण और संयम की वजह से करोड़ों भारतीयों के लिए प्रेरणा के स्रोत थे।' कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मिल्खा सिंह के निधन पर दुख जताते हुए ट्वीट किया, 'देश में जब भी उड़ान की कहानियां कही जाएंगी, तब एक ऐसी शख्सियत का नाम जरूर आएगा जिसने रेस के मैदान में देश और करोड़ों भारतीय युवाओं के सपनों को एक नयी ऊंचाई दी। मिल्खा सिंह जी, विनम्र श्रद्धांजलि।'

रिलेटेड पोस्ट्स