किसी भी एथलीट की तैयारी में कोई दिक्कत नहींः नरिन्दर बत्रा

ओलम्पिक में 125 से 140 खिलाड़ियों के जाने की सम्भावना
टाइम्स आफ इंडिया को दिया साक्षात्कार
नई दिल्ली।
एक तरफ टोक्यो ओलम्पिक के आयोजन को लेकर जहां उहापोह की स्थिति बनी हुई है वहीं भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) के अध्यक्ष नरिंदर बत्रा ने कहा है कि टोक्यो ओलम्पिक के लिए भारत की तैयारी जोरों पर है। उन्होंने कहा कि भारत के लिए 'ओलम्पिक चालू है' और हमारी तरफ से राष्ट्रीय ओलम्पिक समितियों को यह स्पष्ट संदेश हैं। 
'टाइम्स ऑफ इंडिया' को दिए एक इंटरव्यू में बत्रा ने कहा, टोक्यो ओलम्पिक के लिए भारत की तैयारी जोरों पर है। मेरे हिसाब से ओलम्पिक में 125 से 140 खिलाड़ियों के जाने की सम्भावना है और अधिकारियों सहित यह 190 से 210 के बीच होगा। बत्रा ने कहा, 'किसी भी एथलीट की तैयारी में कोई दिक्कत नहीं है।
उन्होंने कहा, 'उन सभी ने अपने-अपने स्थानों का चयन किया है, जहां भी वे प्रशिक्षण लेना चाहते हैं, जैसे निशानेबाज क्रोएशिया गए हैं। भारोत्तोलक मीराबाई चानू अमेरिका गई हैं। हॉकी टीमें बेंगलूरू में हैं। कुछ एथलीट (ट्रैक एंड फील्ड) बेंगलूरू में और कुछ पटियाला में हैं। 
घुड़सवारी (एथलीट फौआद मिर्जा) भारत से बाहर हैं और वहीं से उड़ान भरेंगे। बैडमिंटन, टेबल टेनिस, सबके लिए ट्रेनिंग जारी है।' उन्होंने कहा, 'पूरे भारतीय दल का टीकाकरण किया जाएगा, अंतिम सूची जून के तीसरे सप्ताह के आसपास जारी की जाएगी। भारत में, प्रत्येक एथलीट को कोविशील्ड का टीका लगाया जा रहा है। अगर उन्होंने भारत में वैक्सीन का पहला डोज ले लिया है तो दूसरा डोज विदेश में प्रशिक्षण के दौरान दिया जाएगा, जो एस्ट्राजेनेका का होगा। दोनों को विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी द्वारा अनुमोदित किया गया है।
गौरतलब है कि टोक्यो ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई कर चुके खिलाड़ियों सहित विभिन्न खेलों के कुल 148 खिलाड़ियों पर कोरोना का पहला डोज लग चुका है। इन 148 खिलाड़ियों में से 17 खिलाड़ी ऐसे हैं, जिन्हें दोनों टीके लगा दिए गए हैं जबकि 131 खिलाड़ियों को अभी पहला टीका लगा है। इन 148 खिलाड़ियों में वे खिलाड़ी भी शामिल हैं, जो 23 जुलाई से शुरू होने वाले टोक्यो ओलम्पिक खेलों में जगह बना सकते हैं।
ओलम्पिक के मेजबान देश जापान के ज्यादातर शहरों में आपात स्थिति है और इसके अगले माह के मध्य तक रहने की सम्भावना है, चूंकि कोविड-19 संक्रमित केसों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। इससे चिंता यह बढ़ रही है कि जापान उस स्थिति से कैसे निपटेगा जब दुनिया भर से दस हजार से ज्यादा लोग ओलम्पिक के लिए एकत्रित होंगे और अस्पताल में पहले से मरीज भरे होंगे और बहुत कम लोगों को टीका लगा होगा।
अमेरिका के अलर्ट के बाद जापान ने त्वरित प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि इससे 23 जुलाई से होने वाले ओलम्पिक खेलों को कोई खतरा नहीं है। जापान के चीफ कैबिनेट सचिव कातसुनोबयू ने कहा कि अमेरिका की चेतावनी का यह मतलब नहीं है कि उसने जापान की जरूरी यात्रा के लिए मना किया है या अमेरिका की टोक्यो ओलम्पिक को समर्थन करने की नीति में कोई बदलाव आया है।
भारतीय दल के सभी सदस्यों का पूरा होगा टीकाकरण
भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) ने गुरुवार को कहा कि टोक्यो ओलम्पिक के लिए जाने वाले सभी खिलाड़ियों और अधिकारियों को कोविड-19 के खिलाफ टीके का पहला डोज मिल गया है और उन्हें ओलम्पिक के लिए देश से प्रस्थान करने से पहले इसका दूसरा डोज मिल जाएगा। आईओए ने कहा, 'आईओए सुनिश्चित कर रहा है कि उसके माध्यम से टोक्यो ओलम्पिक के लिए जाने वाले खिलाड़ियों, तकनीकी अधिकारियों और प्रतिनिधि सदस्यों सहित सभी प्रतिभागी सभी सावधानियों का पालन करें। जापान रवाना होने से पहले टीकाकरण पूरा कर लिया जाएगा।'
यहां जारी बयान में आईओए अध्यक्ष नरिंदर बत्रा और महासचिव राजीव मेहता ने कहा, 'वर्तमान समय में टोक्यो खेलों के लिए जाने वाले हर किसी (एथलीट, तकनीकी अधिकारी और प्रतिनिधि सदस्य) को टीके का पहला डोज लग गया है और दूसरा टीकाकरण प्रोटोकॉल के अनुसार होगा। उन्होंने कहा, 'टोक्यो ओलम्पिक में शामिल सभी लोगों की सुरक्षा आईओए की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी आवश्यक सावधानियों और दिशानिर्देशों का पालन करने का संकल्प लें। हम आईओए की ओर से कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते हैं। हम आईओसी एवं टोक्यो 2020 आयोजन समिति का हरसम्भव तरीके से समर्थन करेंगे।'

रिलेटेड पोस्ट्स