हॉकी इंडिया के पैनल में 60 जज और 66 अम्पायर शामिल

महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर दिया जोर
नई दिल्ली। हॉकी इंडिया ने अपने पैनल में 126 नए अम्पायर और तकनीकी अधिकारी शामिल किए हैं, जो सब जूनियर और जूनियर वर्गों में होने वाले घरेलू टूर्नामेंटों में अपनी सेवाएं देने के पात्र होंगे। हॉकी इंडिया ने महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया है।
अम्पायर और तकनीकी अधिकारियों (जजों) का चयन सितम्बर 2020 से इस साल मार्च तक दो चरण की आनलाइन कार्यशालाओं के बाद किया गया। इस सूची में कुल 60 जज (21 महिला और 39 पुरुष) और 66 अम्पायर (16 महिला और 50 पुरुष) जोड़े गए हैं।
चयनित उम्मीदवार हाकी इंडिया से मान्यता प्राप्त सब जूनियर और जूनियर वर्ग के टूर्नामेंटों के लिए नियुक्ति के पात्र बन गए हैं। उनके पास एशियाई हॉकी महासंघ की वर्तमान आनलाइन शिक्षा कार्यशाला में हिस्सा लेने का मौका भी होगा। इन 126 उम्मीदवारों का चयन उन 227 प्रतिभागियों में से किया गया, जिन्हें हॉकी इंडिया ने शुरुआती सूची में चुना था।