आज के ही दिन 15 साल पहले धोनी ने जड़ा था पहला शतक

एशिया से बाहर एक भी शतक नहीं लगा सके
स्वतंत्रता दिवस पर इंटरनेशनल क्रिकेट को कहा अलविदा 
नई दिल्ली।
भारत के सबसे सफल कप्तानों में से एक महेंद्र सिंह धोनी के लिए आज का दिन काफी खास है। उन्होंने 15 साल पहले आज ही के दिन अपना पहला इंटरनेशनल शतक जड़ा था। यह शतक विशाखापट्टन वनडे में पाकिस्तान के खिलाफ लगाया था। उस मैच में टीम इंडिया ने धोनी के 148 रन की पारी के बदौलत पाकिस्तान को 58 रन से हराया था।
धोनी ने 90 टेस्ट में 6 शतक की मदद से 4876 रन बनाए। उनके नाम 350 वनडे में 10773 रन और 10 शतक दर्ज हैं। धोनी ने 98 टी-20 में 1617 रन बनाए, लेकिन शतक नहीं लगा सके। माही ने करियर में एशिया के बाहर एक भी शतक नहीं लगाया है। 6 वनडे की सीरीज के दूसरे मैच में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी थी। टीम ने 26 रन पर पहला विकेट गंवा दिया था। सचिन तेंदुलकर 2 रन बनाकर आउट हो गए थे। तब कप्तान सौरव गांगुली ने विकेटकीपर बल्लेबाज धोनी को नंबर-3 पर बल्लेबाजी के लिए भेजा था। यहां से धोनी ने वीरेंद्र सहवाग के साथ 96 रन की पार्टनरशिप कर पारी को संभाला।
धोनी ने 123 बॉल पर 148 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 4 छक्के और 15 चौके लगाए। सहवाग ने 74 और राहुल द्रविड़ ने 52 रन की पारी खेली थी। इसके बदौलत टीम इंडिया ने 9 विकेट गंवाकर 356 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान टीम 44.1 ओवर में 298 रन पर ऑलआउट हो गई। धोनी को मैन ऑफ द मैच भी चुना गया था। तेज गेंदबाज आशीष नेहरा ने 4 और युवराज सिंह ने 3 विकेट लिए थे। धोनी ने पिछले साल स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) के मौके पर इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। धोनी ने 23 दिसंबर 2004 को वनडे क्रिकेट से डेब्यू किया था। यह मैच बांग्लादेश के खिलाफ चटगांव में खेला गया था।

रिलेटेड पोस्ट्स