पंत करिश्माई लीडर साबित होंगेः सुरेश रैना

ऋषभ पंत को मिली दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी
नई दिल्ली।
ऋषभ पंत को  इंडियन प्रीमियर लीग(आईपीएल) के 14 वें सीजन के लिए दिल्ली कैपिटल्स का नया कप्तान बनाया गया है। चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से खेलने वाले सुरेश रैना ने कहा कि ऋषभ पंत आईपीएल के इस सीजन में दिल्ली कैपिटल्स के लिए करिश्माई लीडर साबित होंगे। 
आईपीएल 2021 का आगाज 9 अप्रैल से हो रहा है। श्रेयर अय्यर को चोटिल होने की वजह से आईपीएल 14 से बाहर होने के बाद दिल्ली कैपिटल्स के चेयरमैन और सह मालिक किरण कुमार गांधी ने मंगलवार को ऋषभ पंत को कप्तान बनाने का ऐलान किया। सुरेश रैना की इस सीजन में सीएसके में वापसी हो रही है। उन्होंने पंत को दिल्ली कैपिटल्स का कप्तान बनने पर बधाई देते हुए ट्वीट किया, " इस सीजन के लिए दिल्ली कैपिटल्स का कप्तान बनने पर ऋषभ पंत को हार्दिक शुभकामनाएं। मुझे विश्वास है कि वो एक  करिश्माई लीडर होंगे और इस कैप को गर्व के साथ धारण करेंगे। 
पंत ने दिल्ली कैपिटल्स का कप्तान बनने के बाद कहा कि दिल्ली से मैंने अपना आईपीएल सफर छह साल पहले शुरू किया था। इस टीम की कप्तानी करना मेरा एक सपना था। मैं अपने टीम मालिकों का शुक्रगुजार हूं जिन्होंने मुझे इस भूमिका के योग्य समझा। मेरे आसपास इतने अच्छे और बड़े लोग हैं कि मैं अपनी टीम के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने का इन्तजार नहीं कर पा रहा हूं।
श्रेयस अय्यर का बाहर होना दिल्ली कैपिटल्स के लिए बड़ा झटका है। उनकी कप्तानी में पिछली बार टीम फाइनल में पहुंची थी। दिल्ली कैपिटल्स 10 अप्रैल को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में तीन बार के चैम्पियन चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ आईपीएल के 14 वें सीजन का आगाज करेगा। पंत को भी 23 साल की उम्र में दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी का मौका मिला है। 

रिलेटेड पोस्ट्स