पृथ्वी शॉ ने 122 गेंद में 165 रन बनाए

चौथा शतक जमाकर मुंबई को विजय हजारे ट्रॉफी के फाइनल में पहुंचाया
एक सीजन में सबसे ज्यादा रन का रिकॉर्ड भी बनाया
नई दिल्ली।
घरेलू टूर्नामेंट विजय हजारे ट्रॉफी का फाइनल मुंबई और उत्तर प्रदेश (यूपी) के बीच 14 मार्च को दिल्ली में खेला जाएगा। सेमीफाइनल में मुंबई ने कर्नाटक को 72 रन से हराया। वहीं, यूपी ने गुजरात टीम को 5 विकेट से शिकस्त दी। मुंबई के कप्तान पृथ्वी शॉ ने गुरुवार को एक रिकॉर्ड कायम कर दिया। वे एक सीजन में सबसे ज्यादा 754 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। दूसरे नंबर पर कर्नाटक के देवदत्त पडिक्कल हैं, जिन्होंने 737 रन बनाए।
दोनों ने मयंक अग्रवाल का रिकॉर्ड तोड़ा है। मयंक ने 2017-18 सीजन में 723 रन बनाए थे। पृथ्वी शॉ ने कर्नाटक के खिलाफ सेमीफाइनल में 122 गेंदों पर 165 रन की पारी खेलने के साथ यह उपलब्धि हासिल की। पारी के दौरान पृथ्वी ने 7 छक्के और 17 चौके भी जड़े। इसके बदौलत मुंबई ने कर्नाटक को 50 ओवर में 323 रन का टारगेट दिया।
इसके जवाब में कर्नाटक की टीम 42.4 ओवर में 250 रन ही बना सकी। टीम के लिए पडिक्कल ने 64 बॉल पर 65 रन की पारी खेली। इसी पारी के बदौलत उन्होंने मयंक को पीछे छोड़ा। हालांकि, पहली पारी में पृथ्वी पहले ही मयंक का रिकॉर्ड तोड़ चुके थे। आउट होने के साथ ही पडिक्कल लगातार 5वां शतक लगाने से चूक गए। इससे पहले चार मैचों में वे सेंचुरी लगा चुके थे।
21 साल के पृथ्वी ने 79 बॉल में अपना शतक पूरा कर लिया था। इस दौरान उन्होंने 3 छक्के और 12 चौके लगाए थे। आखिर में उन्होंने 122 बॉल पर 165 रन बनाए। उन्हें मीडियम फास्ट बॉलर विजयकुमार व्यशक ने LBW किया। कर्नाटक के व्यशक ने सबसे ज्यादा 4 और प्रसिद्ध कृष्णा ने 3 विकेट लिए। पृथ्वी ने इस सीजन में अब तक 7 मैच खेले, जिसमें 188.50 की औसत से 754 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 4 शतक भी लगाए। पृथ्वी शॉ ने 25 फरवरी को पुडुचेरी के खिलाफ नाबाद 227 रन की पारी खेली थी। वहीं, पिछले ही मैच में उन्होंने सौराष्ट्र के खिलाफ नाबाद 185 रन बनाए थे। उनके बाद सीजन में सबसे ज्यादा रन कर्नाटक के ही देवदत्त पडिक्कल नाम दर्ज हैं। सेमीफाइनल से पहले पडिक्कल ने 695 रन बनाए। पृथ्वी ने पिछले 3 मैच में ही मुंबई कप्तानी संभाली है। इसमें टीम को जीत मिली। साथ ही पृथ्वी ने इस दौरान एक डबल सेंचुरी और दो शतक भी लगाए हैं।
बतौर कप्तान पृथ्वी ने गंभीर का रिकॉर्ड तोड़ा
पृथ्वी बतौर कप्तान एक सीजन में सबसे ज्यादा 4 शतक लगाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने पूर्व भारतीय क्रिकेटर गौतम गंभीर कर रिकॉर्ड तोड़ा है। गंभीर ने इससे पहले 2018-19 में दो शतक लगाए थे।
अक्षदीप की फिफ्टी से यूपी ने गुजरात को हराया
वहीं, दूसरे मुकाबले में यूपी की टीम ने गुजरात को 5 विकेट से शिकस्त दी। मैच में गुजरात ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी 50 ओवर में 184 रन ही बनाए। जवाब में यूपी की टीम ने 42.4 ओवर में 5 विकेट गंवाकर 188 रन बनाते हुए मैच अपने नाम कर लिया। गुजरात के लिए हेत पटेल ने 60 रन बनाए थे। यूपी के लिए अक्षदीप नाथ ने 71 रन की पारी खेली।

रिलेटेड पोस्ट्स