पृथ्वी शॉ की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी

तोड़ा संजू सैमसन की नॉटआउट 212 रनों की पारी का रिकॉर्ड
नई दिल्ली।
टीम इंडिया से बाहर चल रहे सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ इन दिनों विजय हजारे ट्रॉफी में मुंबई की ओर से खेल रहे हैं। पुडुचेरी के खिलाफ उन्होंने नॉटआउट 227 रनों की पारी खेल संजू सैमसन का रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया है। मुंबई के कप्तान शॉ ने 152 गेंदों पर 31 चौके और पांच छक्कों की मदद से यह पारी खेली। उन्होंने आदित्य तारे के साथ 153 रनों की साझेदारी निभाई, जबकि सूर्यकुमार यादव के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 201 रन जोड़े। तारे ने 56 और सूर्यकुमार ने 133 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। मुंबई ने 50 ओवर में चार विकेट पर 457 रन बनाए।
पृथ्वी शॉ ने इसके साथ ही विजय हजारे ट्रॉफी में सबसे बड़े व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है, जो इससे पहले संजू सैमसन के नाम दर्ज था। सैमसन ने नॉटआउट 212 रनों की पारी खेली थी। शॉ से पहले सैमसन, यशस्वी जयसवाल और कौशल तीन ऐसे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी में डबल सेंचुरी ठोकी है।शॉ और सूर्यकुमार यादव ने मिलकर पुडुचेरी के कमजोर दिखने वाले बॉलिंग अटैक की बैंड बजा डाली। सूर्यकुमार ने 58 गेंद पर 133 रन बनाए। जिसमें 22 चौके और चार छक्के शामिल थे।
पुडुचेरी की बात करें तो उन्होंने 50 ओवरों में आठ गेंदबाजों का इस्तेमाल किया। पंकज सिंह ने दो विकेट लिए, जबकि सागर त्रिवेदी और सुरेश कुमार ने एक-एक विकेट लिया। मुंबई ने पहला विकेट 58 रनों पर गंवा दिया था, लेकिन इसके बाद शॉ, तारे और सूर्यकुमार यादव ने पुडुचेरी के गेंदबाजों को ज्यादा जश्न मनाने का मौका नहीं दिया।

रिलेटेड पोस्ट्स