कमाल के नोवाक जोकोविच

बड़े खिताब जीतने के मामले में रोजर फेडरर और राफेल नडाल से  भी आगे
मेलबर्न।
रिकॉर्ड नौवां ऑस्ट्रेलियन ओपन और 18वां ग्रैंड स्लेम खिताब जीतने वाले विश्व के नम्बर एक खिलाड़ी सर्बिया के नोवाक जोकोविच सर्वाधिक बड़े खिताब जीतने के मामले में स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर और स्पेन के राफेल नडाल से काफी आगे निकल गए हैं। 
जोकोविच ने रूस के डेनिल मेदवेदेव को रविवार को 7-5, 6-2, 6-2 से हराकर ऑस्ट्रेलियन ओपन का खिताब जीता था। उन्होंने इस जीत के साथ ग्रैंड स्लेम खिताब जीतने के मामले में फेडरर और नडाल से अपना फासला कम कर लिया है।
वह फेडरर और नडाल के 20 ग्रैंड स्लेम खिताबों के विश्व रिकॉर्ड से दो खिताब पीछे रह गए हैं। जोकोविच इसके साथ ही एक ग्रैंड स्लेम को नौ बार जीतने वाले नडाल के बाद दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं। नडाल ने फ्रेंच ओपन को 13 बार जीता है। बड़े खिताबों में ग्रैंड स्लेम, एटीपी वर्ल्ड टूर फाइनल्स, एटीपी मास्टर्स 1000 टूर्नामेंट और ओलम्पिक सिंगल्स गोल्ड मेडल को शामिल किया जाता है।
जोकोविच के 59 बड़े खिताब हैं जबकि नडाल के 56 और फेडरर के 54 हैं। सर्बियाई खिलाड़ी ने पिछले 10 सीजन में से नौ में कम से कम एक बड़ा खिताब जरूर जीता है। जोकोविच के 59 बड़े खिताबों में 18 ग्रैंड स्लैम  पांच एटीपी फाइनल्स और 36 मास्टर्स 1000 खिताब जीते हैं जबकि नडाल ने 20 ग्रैंड स्लैम, एक ओलंपिक गोल्ड और 35 मास्टर्स 1000 खिताब, फेडरर ने 20 ग्रैंड स्लेम, छह एटीपी फाइनल्स और 28 मास्टर्स 1000 खिताब जीते हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स