सीको हाशिमोतो बनीं टोक्यो ओलम्पिक आयोजन समिति की नई अध्यक्ष

ओलम्पिक पदकधारी ने रचा इतिहास
टोक्यो।
विंटर और समर ओलम्पिक में सबसे ज्यादा बार भाग लेने का रिकॉर्ड बनाने वाली सीको हाशिमोतो को गुरुवार को टोक्यो ओलम्पिक आयोजन समिति का प्रमुख चुना गया। हाशिमोतो ने चार बार विंटर और तीन बार समर ओलम्पिक में भाग लिया है और अब उन्होंने नया इतिहास रचा, क्योंकि जापान में अब भी शीर्ष पदों पर कम महिलाएं पहुंची हैं।
टोक्यो ओलम्पिक आयोजन समिति के पुरुष प्रधान कार्यकारी बोर्ड की बैठक के बाद 56 वर्षीय हाशिमोतो को आयोजन समिति का अध्यक्ष चुना गया। वह 83 वर्षीय योशिरो मोरी की जगह लेंगी। पूर्व प्रधानमंत्री मोरी को महिलाओं को लेकर टिप्पणी के कारण पिछले सप्ताह इस्तीफा देना पड़ा था। उन्होंने कहा था कि महिलाएं बहुत अधिक बातें करती हैं। हाशिमोतो प्रधानमंत्री योशिहिदे सुगा की कैबिनेट में ओलम्पिक मंत्री पद पर हैं। उनके पास लैंगिक समानता और महिला सशक्तीकरण से जुड़ा विभाग भी है। उन्होंने तीन समर ओलम्पिक (1988, 1992 और 1996) तथा चार विंटर ओलम्पिक (1984, 1988, 1992 और 1994) में हिस्सा लिया था। 
उन्होंने 1992 में स्पीडस्केटिंग में 1500 मीटर में ब्रांज पदक जीता था। यह ओलम्पिक में उनका एकमात्र मेडल है। हाशिमोतो का ओलम्पिक के साथ गजब का रिश्ता है। उनका जन्म टोक्यो ओलम्पिक 1964 के उद्घाटन समारोह से पांच दिन पहले उत्तरी जापान के होकाइदो में हुआ था। उनका नाम 'सीको' सीका से लिया गया है जिसका अर्थ ओलम्पिक मशाल होता है।

रिलेटेड पोस्ट्स