झारखंड और जींद में होगी सब जूनियर हॉकी प्रतियोगिता

हमीरपुर। हॉकी इंडिया की सब जूनियर महिला-पुरुष वर्ग की राष्ट्रीय प्रतियोगिता इस बार झारखंड के सिमड़ेगा और हरियाणा के जींद में होगी। इसके लिए हिमाचल प्रदेश की महिला एवं पुरुष वर्ग की टीमों के ट्रायल 15 फरवरी को ऊना के एस्ट्रो टर्फ मैदान में होंगे। ट्रायल में भाग लेने वाले खिलाड़ियों का हॉकी इंडिया पोर्टल में पंजीकृत होना अनिवार्य होगा।
हॉकी हिमाचल संघ के महासचिव रोमेश पठानिया ने बताया कि ट्रायल में अंतरराष्ट्रीय कोच सुरेश ठाकुर, दीदार सिंह, अजीत कुमार, अनिल खंतवाल, सुमन पुरी, तबी चौहान, सुषमा शर्मा और प्रशिक्षक आशीष सेन, पार्केश दीमन खिलाड़ियों का चयन करेंगे। ट्रायल में चयनित खिलाड़ी 11वीं हॉकी इंडिया सब जूनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप में भाग लेंगे। प्रतियोगिता झारखंड के सिमड़ेगा और नरवाणा जींद हरियाणा में होगी। 
सब जूनियर लड़कियों की प्रतियोगिता 10 से 21 मार्च और लड़कों की प्रतियोगिता 17 से 28 मार्च तक होगी। एक जनवरी 2005 के बाद जन्में खिलाड़ी ट्रायल में भाग ले सकते हैं। बोनोफाइड, आयु प्रमाण पत्र, चिकित्सा और अलाउड सर्टिफिकेट लाना होगा। जिला खेल अधिकारी हमीरपुर रविशंकर ने कहा कि हॉकी एसोसिएशन यह प्रतियोगिता करवा रही है। हिमाचल हॉकी के महासचिव एवं अंतरराष्ट्रीय कोच रोमेश पठानिया ने कहा कि ट्रायल में भाग लेने के लिए खिलाड़ी उनसे व आशीष सेन से संपर्क कर सकते हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स