रोहित के 161 रनों से भारतीय पारी ढहने से बची

अंतिम सत्र में बल्लेबाजों ने किया निराश
बुमराह को बाहर करने पर गावस्कर खुश नहीं
चेन्नई।
भारत और इंग्लैंड के बीच चार टेस्ट मैचों की सीरीज का दूसरा मैच चेन्नई के चेपक स्टेडियम में खेला जा रहा है। पहले दिन का खेल समाप्त होने तक टीम इंडिया ने छह विकेट के नुकसान पर 300 रन बना लिए। आज टॉस जीतकर भारत ने पहले बैटिंग का फैसला किया। ऋषभ पंत (33) और अक्षर पटेल (05) क्रीज पर हैं। दिन के अंतिम सत्र में रविचंद्रन अश्विन 13 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें रूट ने ऑली पोप के हाथों कैच कराया। अजिंक्य रहाणे 61 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें मोइन अली ने क्लीन बोल्ड किया। पहले दिन की खासियत रोहित शर्मा का शानदार सैकड़ा रहा।
रोहित शर्मा (161) ने सैकड़ा जमाया। उन्हें जैक लीच ने मोइन अली के हाथों कैच कराया। रोहित और रहाणे के बीच चौथे विकेट के लिए 162 रन की पार्टनरशिप हुई। रहाणे ने टेस्ट करियर की 23वीं फिफ्टी लगाई। 75वें ओवर की दूसरी बॉल पर इंग्लिश कप्तान जो रूट ने रहाणे के खिलाफ DRS लिया। टीवी अंपायर अनिल चौधरी ने पहले LBW चेक किया। हालांकि, गेंद डाउन लेग पिच हो रही थी, इसलिए LBW को रद्द कर दिया गया। इसके बाद टीवी अंपायर ने कैच आउट को चेक नहीं किया और नॉटआउट का फैसला सुना दिया। जबकि, LBW के बाद DRS में कैच आउट को भी चेक किया जाता है। इससे इंग्लैंड का एक रिव्यू बरबाद हो गया।
टीवी पर रिप्ले में गेंद पैड से लगने के बाद रहाणे के ग्लव्स में लगकर शॉर्ट लेग पर खड़े फील्डर के पास गई थी। रिप्ले के बाद रूट बेहद नाराज दिखे और उन्हें टीवी अंपायर के खिलाफ गुस्सा भी जाहिर किया। इसके बाद टीवी अंपायर ने अपनी गलती मानते हुए इंग्लैंड के रिव्यू को रद्द न करते हुए उन्हें एक DRS वापस कर दिया।
रोहित के टेस्ट करियर की यह सातवीं सेंचुरी रही। उन्होंने 130 बॉल पर शतक पूरा किया। रोहित का पिछले नौ मैचों में यह चौथा शतक रहा। उन्होंने पिछली सेंचुरी अक्टूबर, 2019 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ रांची में लगाई थी। रोहित ने सातों सेंचुरी भारत में ही लगाई हैं। चेन्नई में उनका यह पहला शतक रहा। रोहित ने चौथी बार टेस्ट में 150+ रन बनाए। इससे पहले उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ 2013 में एक बार (177 रन) और साउथ अफ्रीका के खिलाफ 2019 में दो बार (176 और 212 रन) यह मुकाम हासिल किया था।
विदेश में एक भी शतक जमाए बिना घर में सबसे ज्यादा शतक:
मोमिनुल हक: 10 सेंचुरी
रोहित शर्मा : सात सेंचुरी
एफएस जैकसन/ चंदू बोर्डे/ मार्नस लाबुशेन : 5 सेंचुरी
रोहित करियर के पहले 7 शतक अपने देश में लगाने वाले पहले भारतीय क्रिकेटर हैं। उनसे पहले मोहम्मद अजहरुद्दीन ने करियर के पहले 6 शतक भारत में बनाए थे। रोहित श्रीलंका, वेस्टइंडीज, साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड के खिलाफ तीनों फॉर्मेट में शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज हैं।
रोहित और पुजारा के बीच 85 रन की पार्टनरशिप
भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही। टीम ने मैच के दूसरे ओवर में ही शून्य पर पहला विकेट गंवा दिया। ओपनर शुभमन गिल बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। उन्हें इंग्लैंड के तेज गेंदबाज ऑली स्टोन ने LBW किया। इसके बाद पुजारा 21 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें जैक लीच ने बेन स्टोक्स के हाथों कैच कराया।
रोहित और पुजारा के बीच दूसरे विकेट के लिए 85 रन की पार्टनरशिप हुई। भारत ने लगातार दो ओवर में 2 विकेट गंवाए। 21वें ओवर में पुजारा और 22वें ओवर में कप्तान विराट कोहली आउट हुए। कोहली को पहली बार किसी स्पिनर ने शून्य पर आउट किया। उन्हें मोइन अली ने क्लीन बोल्ड किया।
कोहली 11वीं बार शून्य पर आउट हुए
कोहली कुल 11वीं बार शून्य पर आउट हुए। वे भारत में पहली बार लगातार 2 इनिंग्स में बोल्ड हुए हैं। पहले टेस्ट की दूसरी पारी में स्टोक्स ने कोहली को 72 रन पर बोल्ड किया था। कोहली ने भारत में 63 पारियां खेली हैं। इसमें 4 बार वे बोल्ड हुए हैं।
कोहली को शून्य पर आउट करने वाले गेंदबाज:
रवि रामपॉल : वेस्टइंडीज
बेन हिल्फेनहॉस : ऑस्ट्रेलिया
लियाम प्लंकेट : इंग्लैंड
जेम्स एंडरसन : इंग्लैंड
मिचेल स्टार्क : ऑस्ट्रेलिया
सुरंगा लकमल : श्रीलंका
स्टुअर्ट ब्रॉड : इंग्लैंड
पैट कमिंस : ऑस्ट्रेलिया
केमार रोच : वेस्टइंडीज
अबु जायेद: बांग्लादेश
मोइन अली* : इंग्लैंड
बुमराह बाहर, अक्षर का डेब्यू टेस्ट
टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में 3 बदलाव किए गए। शाहबाज अहमद, वॉशिंगटन सुंदर और जसप्रीत बुमराह को बाहर किया गया। उनकी जगह अक्षर पटेल, कुलदीप यादव और मोहम्मद सिराज को मौका मिला। अक्षर का यह डेब्यू टेस्ट है। उन्हें डेब्यू कैप नंबर-302 मिली।
बुमराह को बाहर करने से पूर्व क्रिकेटर सुनील गावस्कर खुश नजर नहीं आए। उन्होंने कहा, ‘यदि फास्ट बॉलर की बात है, तो इस समय बुमराह नंबर-1 भारतीय हैं और स्पिन की बात करें तो आर अश्विन आते हैं। यह सीरीज का महत्वपूर्ण टेस्ट है। यहां आपको जीतना है। ऐसे में बुमराह को नहीं खिलाना समझ से परे है। अगर वर्कलोड की बात है तो इस टेस्ट के बाद 7 दिन का आराम था और वे फिट हैं। ऐसे में उन्हें इस टेस्ट में खिलाना चाहिए था।’

रिलेटेड पोस्ट्स