कोविड-19 के चलते FIH इंडोर हॉकी विश्वकप 2022 तक के लिए स्थगित

लुसाने। वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के प्रभाव के कारण अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) और बेल्जियम हॉकी संघ ने संयुक्त रूप से अगले साल फरवरी में होने वाले इंडोर हॉकी विश्वकप को दो से छह फरवरी 2022 तक के लिए स्थगित करने का फैसला किया है। यह इंडोर हॉकी विश्वकप का छठा संस्करण है और इसमें महिला तथा पुरुष दोनों वर्गों में 12 टीमें हिस्सा लेंगी। पिछली बार 2018 में जर्मनी के बर्लिन में हुए इंडोर विश्वकप में पुरुष वर्ग में ऑस्ट्रिया और महिला वर्ग में जर्मनी की टीमें विजेता बनी थी।
एफआईएच के मुख्य कार्यकारी अधिकारी थिएरी वेल ने कहा कि हॉकी इंडोर विश्वकप एक ऐसा टूर्नामेंट है जो अच्छा वातावरण बनाता है। मौजूदा माहौल में टीमें के यात्रा करने में दिक्कत, क्वालीफायर्स और आयोजन स्थल पर दर्शकों की मौजूदगी नहीं होने जैसी स्थिति में हमारे पास इस टूर्नामेंट को स्थगित करना एकमात्र विकल्प है। हम बेल्जियम हॉकी संघ को 2022 में यह टूर्नामेंट आयोजित कराने की उनकी प्रतिबद्धता के लिए धन्यवाद देते हैं।
उन्होंने कहा कि लेज प्रांत के साथ समन्वय में हम इस बात पर सहमत हुए कि महामारी के कारण मौजूदा स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए यह सही फैसला है। हम उम्मीद करते हैं कि इस टूर्नामेंट के स्थगित होने से लेज सही हालातों में इसका आयोजन बाद में करेगी। लेकिन पहले हमें इस महामारी से पार पाना होगा।

रिलेटेड पोस्ट्स