सोनम सिरोही के जज्बे को सलाम

लखनऊ के पार्क में सुबह-शाम कर रही हैं ट्रेनिंग

लखनऊ। लखनऊ के गोमतीनगर विपुल खण्ड के पार्क में शाम करीब छह बजे एक लड़की अपने कोच की मदद से फिटनेस वर्क कर रही थी। इसके बाद उसने थाइराबैण्ड व अन्य उपकरणों से ट्रेनिंग शुरू की। पार्क में शाम को टहलने वाले भी हैरत में थे कि यह लड़की कौन है जो इतनी जबरदस्त मेहनत कर रही है। ट्रेनिंग के बाद जब मुड़ी तो टी-शर्ट की पीठ पर ‘इण्डिया’ लिखा था। इसका मतलब जरूर यह अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी होगी। कूल डाउन के बाद जब उनसे बात हुई तो पता चला कि यह तो सोनम सिरोही हैं। देश की शीर्ष ट्रिपल जम्परों में एक। यह वही सोनम हैं जिन्होंने विश्व पुलिस खेलों में एक स्वर्ण और दो रजत पदक जीते थे। वह अपने को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने के लिए यहां एकांत में ट्रेनिंग कर रही हैं।

अमरोहा के रजबपुर क्षेत्र की रहने वाली सोनम देश की उम्दा ट्रिपल जम्परों में एक हैं। तीन साल पहले जब वह राष्ट्रीय चैंपियनशिप में  चमकीं तो उन्हें बीएसएफ में हेड कांसेटबल की नौकरी मिली। इसके बाद उनके प्रदर्शन में और ज्यादा निखार आया। उन्होंने गुवाहाटी राष्ट्रीय सीनियर चैंपियनशिप में रजत पदक जीता। आल इण्डिया पुलिस खेल में स्वर्ण पदक जीता। उनका चयन पिछले साल चीन में हुए विश्व पुलिस एवं फायर गेम्स में हिस्सा लेने वाली टीम में हुआ। उन्होंने वहां कमाल का प्रदर्शन करते हुए ट्रिपल जम्प में स्वर्ण, लांग जम्प और 200 मीटर की दौड़ में रजत पदक जीतकर सुर्खियों में आईं। सोनम इस समय गांधीनगर, गुजरात में तैनात हैं वह राष्ट्रीय कैम्प में रहकर केरल में ट्रेनिंग कर रही थीं। पर लाकडाउन होने के कारण कैम्प से वह अमरोहा लौट आईं।
पिछले कुछ दिनों से वह अमरोहा से राजधानी आ गई हैं। सोनम ने बताया कि यहां रहकर उनकी ट्रेनिंग अच्छी चल रही है। उनके कोच रोहित उन्हें अच्छा वर्कआउट करा रहे हैं। उन्होंने बताया लाकडाउन में अपने को फिट रखना एक चुनौती है। यहां रहकर वह जमकर अभ्यास कर रही हैं। यह अभ्यास भविष्य में होने वाली राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप में काम आएगा। वह भी लाकडाउन से ऊब गई हैं। वह कहती हैं कि अब जल्दी से सब ठीक हो और कैम्प लगें, प्रतियोगिताएं हों।
रिलेटेड पोस्ट्स