रनीम के संन्यास से शीर्ष 10 में आयीं जोशना

नयी दिल्ली। भारत की स्क्वाश स्टार जोशना चिनप्पा विश्व में नंबर एक मिस्र की रनीम इल वेलिली के अचानक संन्यास लेने से पीएसए विश्व रैंकिंग में फिर से शीर्ष 10 में शामिल हो गयी हैं। कोरोना महामारी के कारण मार्च से कोई मैच नहीं खेलने वाली जोशना दसवें नंबर पर पहुंच गयी हैं। यह 33 वर्षीय खिलाड़ी इससे पहले 2016 में शीर्ष 10 में शामिल हुई थीं। दीपिका पल्लिकल अन्य भारतीय महिला खिलाड़ी हैं जिन्होंने यह उपलब्धि हासिल की है।
रनीम के संन्यास के बाद मिस्र की नोरान गोहर विश्व में नंबर एक महिला स्क्वाश खिलाड़ी बन गयी हैं। रनीम 19 महीने तक शीर्ष स्थान पर रहीं। उन्होंने पिछले महीने संन्यास की घोषणा करके सभी को चौंका दिया था। पुरुष वर्ग में भारत के चोटी के खिलाड़ी सौरव घोषाल ताजा विश्व रैंकिंग में 13वें स्थान पर बने हुए हैं। कोरोना वायरस के कारण पीएसए टूर को अगस्त के मध्य तक निलंबित किया गया है।

रिलेटेड पोस्ट्स