कल अतनु दास की हो जाएंगी दीपिका कुमारी

रांची। अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज दीपिका कुमारी जल्द ही शादी के बंधन में बंधने जा रही हैं। दीपिका की शादी कल 30 जून को तीरंदाज अतनु दास के साथ होगी। शादी की रस्में रांची में शुरू भी हो चुकी हैं। कोरोना संकट काल में होने वाली हाईप्रोफाइल शादी में दीपिका की ओर से कुछ गिने-चुने अतिथियों को ही आमंत्रित किया गया है, जिसमें राज्यपाल द्रोपदी मुर्मू, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, उनकी पत्नी मीरा मुंडा, भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और आजसू पार्टी प्रमुख सुदेश महतो शामिल हैं।

वहीं कोलकाता से वर पक्ष की ओर से अतनु दास के परिवार के करीबी सदस्य ही शादी समारोह में हिस्सा लेने पहुंचेंगे। बताया गया है कि 8 से 10 की संख्या में बाराती लेकर अतनु दास कोलकाता से सड़क मार्ग से राजधानी रांची पहुंचेंगे। इधर, अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज दीपिका कुमारी और अतनु दास की शादी को लेकर रांची के मोरहाबादी मैदान स्थित वृंदावन बैंक्वेट हॉल को आकर्षक तरीके से सजाया जा रहा है। लाइटिंग के अलावा मुख्य शादी के समारोह स्थल को वाटरप्रूफ तरीके से तैयार किया जा रहा है। मौसम को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। दावा किया गया है कि सोशल डिस्टेंसिंग मेंटेन करते हुए 50 अतिथियों के बीच ही शादी संपन्न होगी।

रिलेटेड पोस्ट्स