कोरोना वायरस के गढ़ वुहान में लौटा फुटबॉल

वुहान। कोरोना वायरस के गढ़ रहे चीनी शहर वुहान में अब जनजीवन सामान्य होता जा रहा है और लगभग तीन महीने तक घरों में कैद रहने वाले फुटबालर भी मैदान पर उतरने लग गये हैं। वुहान की आबादी एक करोड़ दस लाख है और यहां लगभग तीन महीने तक लॉकडाउन रहा जो अप्रैल में जाकर समाप्त हुआ। इसके बाद अब एमेच्योर फुटबालरों ने भी अपनी खेल गतिविधियां शुरू कर दी हैं। एमेच्योर फुटबालर वांग जीजुन ने कहा कि हमें लंबे समय तक लॉकडाउन में रहना पड़ा जहां हम कुछ कसरत ही कर सकते थे। मैं घर के अंदर ही अपने बेटे के साथ फुटबाल खेलता था। हम एक दूसरे को गेंद देते थे। कई बार गैराज में जाकर व्यायाम कर लेते थे। दूधिया रोशनी में फुटबाल का अभ्यास करने वाले एक अन्य खिलाड़ी ने कहा कि दोस्तों और टीम के साथियों के साथ फिर फुटबाल खेलना सुखद अहसास है। उन्होंने मास्क लगाये बिना ऐसा किया हालांकि कुछ खिलाड़ी ऐसे थे जिनकी गर्दन पर मास्क लटक रहा था। वेन नाम के एक खिलाड़ी ने कहा कि लॉकडाउन से पहले सभी बेहद परेशान थे। लॉकडाउन हटने के बाद हमने सप्ताह में एक बार अभ्यास शुरू कर दिया है। मैं बहुत खुश हूं। पेशेवर फुटबालर भी इससे प्रभावित रहे। चीनी महिला टीम की स्टार खिलाड़ी और वुहान की निवासी वांग शुआंग ने भी फिर से अभ्यास शुरू कर दिया है। वह तोक्यो ओलंपिक के लिये टीम में जगह बनाने की प्रबल दावेदार है।

रिलेटेड पोस्ट्स