महामारी नहीं गयी तो रद्द होंगे टोक्यो ओलम्पिक खेल

टोक्यो। कोरोना वायरस महामारी के कारण एक साल स्थगित किये जा चुके टोक्यो 2020 ओलंपिक खेलों को अगले वर्ष भी आयोजित नहीं किया जा सका, तो उन्हें दोबारा टालने के बजाय रद्द कर दिया जाएगा। टोक्यो ओलंपिक आयोजन समिति के अध्यक्ष योशिरो मोरी ने एक इंटरव्यू में यह बात कही। मोरी से पूछा गया कि अगर महामारी का खतरा अगले साल भी बना रहता है तो क्या खेलों को 2022 तक टाला जा सकता है, उन्होंने कहा, ‘नहीं।

अगर ऐसा होता है तो फिर इन्हें रद्द कर दिया जाएगा।’ मोरी ने कहा कि इससे पहले युद्ध के समय ही खेलों को रद्द किया गया था। उन्होंने कोरोना वायरस से लड़ाई को ‘एक अदृश्य दुश्मन के खिलाफ जंग’ करार दिया। उन्होंने कहा, ‘अगर वायरस पर नियंत्रण पा लिया जाता है तो हम अगली गर्मियों में ओलंपिक का आयोजन करेंगे।’ टोक्यो 2020 के प्रवक्ता मासा तकाया ने खेलों को रद्द किये जाने की संभावना को लेकर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि मोरी की टिप्पणी उनके ‘निजी विचार’ हैं। इससे पहले मंगलवार को जापान चिकित्सा संघ के प्रमुख ने आगाह किया था कि अगर कोरोना वायरस के लिए टीका विकसित नहीं किया जाता, तो खेलों का आयोजन बहुत मुश्किल होगा। गौर हो कि टोक्यो ओलंपिक की नयी तारीख 23 जुलाई 2021 तय की गयी है।

रिलेटेड पोस्ट्स