आज के ही दिन गेल की बल्लेबाजी देख 'खौफजदा' हो गए थे धोनी

धोनी ने किया था ट्वीट- अच्छा हुआ विकेटकीपर बनने का फैसला लिया

नई दिल्ली। 23 अप्रैल 2013 के दिन क्रिस गेल ने टी20 क्रिकेट में ऐसा कारनामा किया था, जो आज तक कोई बल्लेबाज दोहरा नहीं सका है। 2013 इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) और पुणे वॉरियर्स के बीच मैच खेला जा रहा था। गेल ने नॉटआउट 175 रनों की पारी खेली थी। टी20 क्रिकेट इतिहास में अभी तक किसी भी बल्लेबाज द्वारा एक पारी में बनाए गए यह सबसे ज्यादा रन हैं। गेल की इस पारी को देखकर महेंद्र सिंह धोनी ने भी एक ट्वीट किया था।
आरसीबी ने उस मैच में 20 ओवर में पांच विकेट पर रिकॉर्ड 263 रन बनाए थे। पुणे वॉरियर्स जवाब में 9 विकेट पर 133 रन ही बना सका था। इस मैच में गेल ने 13 चौके और 17 छक्के जड़े थे। 30 गेंद पर उन्होंने सेंचुरी ठोक दी थी। पुणे वॉरियर्स की ओर से भुवनेश्वर कुमार और ल्यूक राइट ऐसे गेंदबाज थे, जिन्होंने 12 के इकॉनमी रेट से कम पर रन खर्चे थे। पुणे वॉरियर्स ने गेल को रोकने के लिए सात गेंदबाजों का इस्तेमाल किया था, लेकिन कोई उन्हें आउट नहीं कर सका था। गेल अंत में 66 गेंद पर 175 रन बनाकर नॉटआउट लौटे थे।
गेल की इस पारी को देखकर चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने ट्वीट किया था, 'जिंदगी सही फैसले लेने के बारे में है, गेल को आज बल्लेबाजी करते देख मुझे लगा कि मैंने विकेटकीपर होने का एकदम सही फैसला लिया था।' मजेदार बात यह थी कि धोनी इस मैच का हिस्सा नहीं थे, लेकिन लगता है गेल की इस पारी से वो भी खौफजदा हो गए थे।

रिलेटेड पोस्ट्स