राष्ट्रमंडल खेलों में छोटा होगा भारतीय दल

शूटिंग और तीरंदाजी का जिक्र तक नहीं
नई दिल्ली।
कॉमनवेल्थ गेम्स फेडरेशन (सीजीएफ) ने 2022 के बर्मिंघम खेलों में भारत को बड़ा झटका दिया है। सीजीएफ की ओर से इन खेलों के निर्धारित किए गए कार्यक्रम में शूटिंग और तीरंदाजी का कहीं जिक्र तक नहीं है। सीजीएफ ने पैरास्पोर्ट्स समेत 31 खेलों में खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित की है। इससे साफ है कि शूटिंग और तीरंदाजी कॉमनवेल्थ गेम्स का हिस्सा नहीं है। वहीं दूसरा झटका यह दिया है कि 15 खेलों में भारतीय दल की भागीदारी का कोटा 109 निर्धारित किया गया है। इसके चलते इन खेलों में भारतीय दल ग्लास्गो और गोल्ड कोस्ट से छोटा रहने की संभावना बन गई है। सीजीएफ के सीईओए डेविड ग्रेवेमबर्ग की ओर से सभी सदस्य देशों को लिखे गए पत्र में कहा गया है कि इन खेलों में भागीदारी का मोटा-मोटा कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। खेलों में 45 सौ से ज्यादा खिलाड़ी भाग नहीं लेंगे। 
खेलों से पहले होनी थी शूटिंग और तीरंदाजी :
पैरास्पोर्ट्स समेत सभी खेलों का नाम लिया गया है, लेकिन भारत में इन खेलों से पहले होने वाले शूटिंग और तीरंदाजी की इवेंट को इसमें कहीं जगह नहीं दी गई है। यह जिक्र तक नहीं किया गया है कि शूटिंग और तीरंदाजी की इवेंट्स अलग से भारत में होंगी। इस पत्र से सीजीएफ ने इशारा किया है कि शूटिंग और तीरंदाजी की इवेंट से कॉमनवेल्थ गेम्स का कोई लेना देना नहीं है। इससे पहले इन खेलों के समापन के सात दिन बाद शूटिंग और तीरंदाजी की अलग से पदक तालिका बनाने की बात कही है। आईओए के पदाधिकारी अभी भी इसी बात पर कायम हैं।
पदक तालिका में नीचे खिसकेगा भारत:
सीजीएफ ने इन खेलों में प्रत्येक देश के खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित कर दी है। इसके तहत भारत को एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, कुश्ती, तैराकी और जूडो समेत 15 खेलों में महज 109 खिलाड़ियों के भाग लेने का कोटा दिया गया है। हालांकि इसमें वेटलिफ्टिंग, टेबल टेनिस, क्रिकेट, बैडमिंटन और हॉकी समेत टीम खेलों का नंबर शामिल नहीं है। ऐसे में यह तय है कि बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय दल ग्लास्गो और गोल्ड कोस्ट में हुए पिछले दो खेलों के मुकाबले न सिर्फ छोटा रह सकता है बल्कि पदक तालिका में भारत काफी नीचे खिसक सकता है। वेटलिफ्टिंग के अभी भार वर्ग निर्धारित किए जाने बाकी हैं। बॉक्सिंग में पुरुषों में दस महिलाओं में छह, कुश्ती में पुरुष व महिला में छह-छह भार वर्ग शामिल किए गए हैं। एथलेटिक्स में 46 इवेंट्स हैं। हॉकी में पुरुष और महिला वर्ग के मुकाबले हैं। हालांकि सीजीएफ ने यह भी कहा है कि अंतिम भागीदारी की तालिका मई 2021 में निर्धारित होगी, जिसमें फेरबदल हो सकता है।

रिलेटेड पोस्ट्स