खेलो इंडिया विश्वविद्यालय खेल : प्रधानमंत्री मोदी ने की शुरुआत

कटक, 22 फरवरी (एजेंसी)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को यहां पहले खेलो इंडिया विश्वविद्यालय खेलों की शुरुआत की घोषणा की और इन्हें भारतीय खेल क्रांति का अगला पड़ाव करार दिया। देश भर के 159 विश्वविद्यालयों के 3400 से अधिक खिलाड़ी 17 खेलों में अपना भाग्य आजमाएंगे। इन खेलों में रग्बी भी शामिल है। प्रधानमंत्री ने वीडियो कांफ्रेंस सुविधा के जरिये खेलों के शुरुआत की घोषणा की। उन्होंने इसे भारतीय खेलों के लिये ऐतिहासिक क्षण बताया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा, ‘आज का दिन सिर्फ एक टूर्नामेंट का आरंभ मात्र नहीं हैं, बल्कि भारत में खेल आंदोलन के अगले चरण की शुरुआत है।’ मोदी ने कहा, ‘आज ओडिशा में नया इतिहास बना है। भारत के इतिहास के पहले खेलो युवा विश्वविद्यालय खेलों की शुरुआत आज से ही हो रही है। ये भारत के खेल इतिहास में ऐतिहासिक पड़ाव तो है ही भारत के खेलों के भविष्य के लिये भी एक बहुत बड़ा कदम है।’

रिलेटेड पोस्ट्स