हरियाणा अंडर-14 फुटबाल के फाइनल में, झारखंड से होगी भिड़ंत

कुरुक्षेत्र, 17 जनवरी (हप्र)
स्कूल गेम फैडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित 65वीं राष्ट्रीय खेल स्पर्धा शनिवार को सम्पन्न होगी। लड़कियों की अंडर 14 फुटबाल स्पर्धा के सेमीफाइनल में हरियाणा ने गुजरात को पटखनी देकर फाइनल में जगह बनाई। प्रतियोगिता में हरियाणा ने कोई मैच नहीं हारा है। खिताबी भिड़ंत हरियाणा व झारखंड के बीच होगी। तीसरे स्थान के लिए गुजरात व मणिपुर के बीच मुकाबला होगा।

पहले सेमीफाइनल के पहले हाफ में मणिपुर ने एक गोल दागकर झारखंड पर बढ़त बनाई लेकिन दूसरे हाफ में झारखंड ने गोल दागा और स्कोर बराबर कर दिया। अतिरिक्त समय में भी मैच का फैसला नहीं हो सका जिसके बाद टाईब्रेकर में झारखंड ने 5-4 से जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई। दूसरा सेमीफाइनल हरियाणा व गुजरात के बीच था। मैच के दूसरे ही मिनट में हरियाणा की अनिता ने एक गोल दाग कर टीम को बढ़त दिला दी। पहले हाफ में स्कोर 1-0 रहा। दूसरे हाफ में सिमरन कौर ने गोल दागकर स्कोर 2-0 कर दिया। बीनू ने तीसरा गोल दाग कर हरियाणा को फाइनल में पहुंचाया।

रिलेटेड पोस्ट्स