इकराम अली ने डिस्कस थ्रो में बनाया नया मीट रिकॉर्ड

खेलो इंडिया प्रतियोगिता में पोलवाल्ट में संदीप को स्वर्ण

भोपाल:  खेलो इंडिया यूथ गेम्स के दूसरे दिन भी मध्य प्रदेश एथलेटिक्स अकादमी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक प्रदेश की झोली में डाले। मध्य प्रदेश को यह पदक डिस्कस थ्रो और पोलवॉल्ट इवेंट में मिले। गुवाहाटी में आयोजित खेलो इंडिया यूथ गेम्स के अंतर्गत खेले गए अंडर-21 बालक वर्ग की डिस्कस थ्रो स्पर्धा में अकादमी के प्रतिभावान खिलाड़ी इकराम अली खान ने 53.82 मीटर चक्का प्रक्षेपण कर नया मीट रिकॉर्ड बनाकर स्वर्ण पदक मध्य प्रदेश के नाम किया।

उल्लेखनीय है कि इकराम अली खान ने पिछले खेलो इंडिया यूथ गेम्स में प्रदेश को रजत पदक दिलाया था। इकराम ने स्कूल नेशनल और जूनियर नेशनल में भी प्रदेश को स्वर्ण पदक दिला चुके हैं। डिस्कस थ्रो में हरियाणा के खिलाड़ी अभय गुप्ता (53.81 मीटर) तथा राजस्थान के खिलाड़ी बासुकेश पूनिया (53.27 मीटर) क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे।
इसी प्रकार अंडर-17 बालक वर्ग के पोल वॉल्ट  (बांसकूद) इवेंट में मध्य प्रदेश एथलेटिक्स अकादमी के होनहार खिलाड़ी संदीप कुमार ने 4.05 मीटर के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया और स्वर्ण पदक मध्य प्रदेश को दिलाया। उल्लेखनीय है कि संदीप कुमार ने पिछले खेलो इंडिया यूथ गेम्स में मध्यप्रदेश को कांस्य पदक दिलाया था। उन्होंने राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अब तक दो स्वर्ण और दो कांस्य पदक मध्य प्रदेश को दिलाए हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स