सबसे ऊंची चोटी अकोंकागोआ को फतह करने का इरादा

अनिता को खुद पर पूरा भरोसा 

खेलपथ प्रतिनिधि

हिसार। पर्वतारोही अनिता कुंडू अपने सेवन समिट अभियान के तहत विश्व के छठे महाद्वीप दक्षिणी अमेरिका की सबसे ऊंची चोटी अकोंकागोआ को फतह करने के लिए मंगलवार की रात को रवाना हो गई। अबकी बार उनकी ये चढ़ाई लगभग एक महीने की रहेगी।
अकोंकागोआ एक कठिन चोटी है। इस पर अनेकों तरह के खतरे हर कदम पर बने रहते हैं। ऑक्सीजन की बेहद कमी और हड्डियों को गला देने वाली ठंड का सामना करना पड़ेगा। अनिता कहती है कि उन्हें खुद पर पूरा भरोसा है, हर विपरीत परिस्थिति का डटकर सामना करेंगी।
एशिया, अफ्रीका, आस्ट्रेलिया, यूरोप व अंटार्कटिका की चोटियों को अनिता पहले ही फतह कर चुकी हैं। उतरी अमेरिका की देनाली उनकी थोड़ी-सी दूरी से बर्फीले तूफान की वजह से रह गई थी। उन्होंने 4 बार माउंट एवरेस्ट की चढ़ाई भी की है, जिसमें से तीन बार इस पर जीत हासिल की है। नेपाल और चीन दोनों ही रास्तों से एवरेस्ट को फतह करने वाली वे हिंदुस्तान की प्रथम बेटी भी हैं। अनिता हरियाणा पुलिस में इंस्पेक्टर के तौर पर कार्यरत हैं। वे पिछले बारह साल से पर्वतारोहण से जुड़ी हुई हैं। वे अनेकों उपलब्धियां अपने देश के नाम कर चुकी हैं। अनिता कहती हैं कि ये खेल ही नहीं बल्कि एक साहसिक खेल है। पूरी दुनिया में अपनी एक अलग पहचान रखता है। जब तक उनका स्वास्थ्य अच्छा बना रहेगा वे ऐसे ही एक के बाद एक अभियान करती रहेंगी और विश्व पटल पर अपने देश का नाम ऐसे चमकाती रहेंगी।

रिलेटेड पोस्ट्स