भारत ने 13 गोल्ड सहित 28 पदक जीते

एशियाई अंडर-15 कुश्ती चैम्पियनशिप

भारत ने चीन के ताइचुंग शहर में समाप्त हुई एशियाई अंडर-15 कुश्ती चैम्पियनशिप के तीसरे और अंतिम दिन भी अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए पांच स्वर्ण और इतने ही रजत पदक जीतकर कुल 28 पदकों के साथ चैम्पियनशिप का समापन किया। भारत के 28 पदकों में 13 स्वर्ण पदकों के अलावा 14 रजत और एक कांस्य पदक शामिल हैं। कैडेट विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता दीपक चहल के नेतृत्व में भारत ने प्रतियोगिता के अंतिम दिन फ्रीस्टाइल में चार और स्वर्ण अपने नाम किए। इनमें दीपक ने 75 किलोग्राम में, विशाल ने 62, सागर जागलान ने 68 और जतिन ने 85 किग्रा में स्वर्ण अपने नाम किए।

68 किग्रा में सागर जागलान कजाकिस्तान के बुक्सुलतानोव के खिलाफ 1-6 से पीछे थे। लेकिन इसके बाद उन्होंने अंतिम 20 सेकेंड में शानदार वापसी करते हुए 7-6 से जीत दर्ज करके भारत को स्वर्ण पदक दिला दिया। भारत के 10 फ्रीस्टाइल पहलवानों ने पोडियम हासिल किया। इस प्रदर्शन के दम पर भारत टीम रैंकिंग में 225 अंकों के साथ शीर्ष पर रहा। कजाकिस्तान दूसरे और जापान तीसरे नंबर पर रहा। 

ग्रीको रोमन वर्ग में भारत ने अंतिम दिन एक स्वर्ण और दो रजत पदक पर कब्जा जमाया। हर्ष ने 44 किग्रा में अपना अपराजेय अभियान जारी रखते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। टीम रैंकिंग में भारत को कजाकिस्तान के बाद 230 अंकों के साथ दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। लड़कियों में कोमल ने 42 किग्रा में, शीतल ने 46 किग्रा में और धनश्री ने 50 किग्रा में रजत पदक जीते। लड़कियों की टीम रैंकिंग में भारत को 212 अंकों के साथ दूसरा स्थान मिला।

रिलेटेड पोस्ट्स