रिकार्ड तोड़ती बेटियों को सलाम

गुंटूर में शालिनी, निव्या, रुपल, भारती ने लहराया परचम

खेलपथ प्रतिनिधि

ग्वालियर। आचार्य नागार्जुन यूनिवर्सिटी मंगलागिरी गुंटूर (आंध्र प्रदेश) में चल रही 35वीं राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में बेटियां न केवल कमाल का प्रदर्शन कर रही हैं बल्कि एक के बाद एक राष्ट्रीय कीर्तिमान भी रच रही हैं। शालिनी सिंह, निव्या एंटोनी, भारती और रूपल का स्वर्णिम रिकार्डतोड़ प्रदर्शन समाज के लिए इस बात का संकेत है कि बेटियों को और अधिक खेलों के अवसर मिलना चाहिए।

दो से छह नवम्बर तक गुंटूर में चल रही 35वीं राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में अब तक छह से अधिक राष्ट्रीय कीर्तिमान बन चुके हैं जिसमें पांच नए रिकार्ड बेटियों ने बनाए हैं। अण्डर 16 आयु वर्ग की लम्बीकूद स्पर्धा में शालिनी सिंह ने न केवल स्वर्ण पदक जीता बल्कि 6.15 मीटर का नया राष्ट्रीय कीर्तिमान भी बनाया। इसी तरह अण्डर-20 आयु वर्ग में निव्या एंटोनी ने पोल वाल्ट में 3.75 मीटर का नया राष्ट्रीय कीर्तिमान अपने नाम किया।

अण्डर-16 आयु वर्ग की गोला फेंक स्पर्धा में अम्बाला की भारती ने 15.33 मीटर का नया रिकार्ड बनाया है। पुराना रिकॉर्ड जसमीन कौर के नाम था, जो वर्ष 2018 में उन्होंने 14.27 मीटर गोला फेंककर बनाया था। भारती ने डिस्कस थ्रो में भी गोल्ड मेडल हासिल किया है। एथलेटिक्स कोच रोहतास सिवाच ने बताया कि प्रतियोगिता में रोहतक के खिलाड़ियों ने तीन पदक हासिल किए हैं, जिनमें अण्डर 20 आयु वर्ग की 400 मीटर दौड़ स्पर्धा में नैन्सी ने गोल्ड मेडल हासिल किया है। इन खेलों में अंडर-18 आयु वर्ग की डिस्कस थ्रो स्पर्धा में गरिमा, अंडर-20 की 10000 मीटर दौड़ में गुरप्रीत तथा अंडर-20 आयु वर्ग की 400 मीटर दौड़ में नैन्सी ने स्वर्णिम सफलताएं हासिल कीं। मेरठ जिला एथलेटिक संघ के सचिव अनू कुमार ने बताया कि आंध्र प्रदेश के गुंटूर में चल रही 35वीं नेशनल जूनियर एथलेटिक्स चैम्पियनशिप की 400 मीटर बालिका दौड़ में मेरठ की 16 वर्ष की धाविका रूपल ने 55.37 सेकेण्ड में रेस पूरी करके स्वर्ण पदक जीता। यह समय अंतरराष्ट्रीय स्तर का है।

सुनील डाबर और आदित्य रघुवंशी ने मध्यप्रदेश को दिलाए स्वर्ण पदक

तात्या टोपे स्टेडियम में संचालित मप्र एथलेटिक्स अकादमी के खिलाड़ी सुनील डाबर और आदित्य रघुवंशी ने 35वीं जूनियर नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप में दोहरे स्वर्ण पदक जीते हैं। गुंटूर में चल रही इस प्रतियोगिता में मध्यम दूरी के धावक सुनील डाबर ने 1500 मीटर दौड़ में पहला स्थान हासिल किया। उन्होंने इस दौड़ को पूरा करने में 3ः48.52 मिनट का समय लिया। डाबर ने नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। यह रिकॉर्ड एक साल पहले गुजरात के अजीत कुमार के नाम दर्ज था। मप्र को दूसरा स्वर्ण हाई जंपर आदित्य रघुवंशी ने दिलाया। उन्होंने 1.95 मीटर की छलांग लगाई और राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। आदित्य ने उत्तर प्रदेश के विजय मलिक के रिकॉर्ड को तोड़ा। जो उन्होंने दो साल पहले बनाया था। इन दोनों के अलावा बबीता पटेल ने 3.20 मीटर पोल वाल्ट (बांसकूद) कर रजत पदक अर्जित किया। सभी खिलाड़ी चीफ कोच एसके प्रसाद के मार्गदर्शन में खेल रहे हैं।

 

रिलेटेड पोस्ट्स