पुरुषों के मुकाबले 32 साल में 20% महिला रनर बढ़ीं

आइसलैंड सबसे ज्यादा महिला रनर वाला देश

दुनिया में महिला मैराथन रनर की संख्या बढ़ती जा रही है। एक रिसर्च के अनुसार, मौजूदा समय में 50% से ज्यादा मैराथन रनर महिलाएं हैं। पिछले 32 साल में महिला रनर 20% बढ़ गई हैं। 2018 में मैराथन में पुरुषों से ज्यादा महिलाओं ने हिस्सा लिया था। ऐसा पहली बार हुआ था। पिछले साल महिला मैराथन रनर का प्रतिशत 50.24 था।

इंटरनेशनल एसोसिएशन ऑफ एथलेटिक्स फेडरेशन (आईएएएफ) और डेनमार्क की रिसर्च फर्म रन रिपीट की रिसर्च के अनुसार, रनर कभी बूढ़े नहीं होते हैं। उनकी औसत उम्र भी बढ़ी है। 1986 में मैराथन रनर की औसत उम्र 38 थी। यानी वे 38 की उम्र तक दौड़ते थे। यह अब बढ़कर 40 हो गई है। वहीं, सामान्य रनर की औसत उम्र में भी बढ़ोत्तरी हुई है। 1986 में उनकी औसत उम्र 35.2 थी, जो अब 39.3 हो गई। 5 किमी रेस में महिलाओं की भागीदारी 60% है। वहीं, अगर दुनिया में महिलाओं की मैराथन में भागीदारी को देखा जाए, तो आइसलैंड सबसे ज्यादा महिला रनर वाला देश हैं। वहां, 59% महिला रनर हैं जबकि स्विट्जरलैंड में सबसे कम 16% महिला रनर हैं।
32 साल में 70 हजार इवेंट का विश्लेषण किया
रिसर्च के लिए आईएएएफ और रन रिपीट ने 1986 से 2018 के बीच 70 हजार इवेंट पर एनालिसिस लिया। इस दौरान 193 देशों के 10.79 करोड़ रेस रिजल्ट पर रिसर्च की। यह एथलेटिक्स पर इतिहास की सबसे बड़ी स्टडी है।
रनिंग रेस में भागीदारी पिछले दो साल में 13% कम हुई
2016 के पहले रनिंग में लोगों की भागीदारी बढ़ रही थी। लेकिन उसके बाद 2018 तक यह 13% तक कम हो गई। 2016 में 91 लाख लोगों ने रनिंग रेसों में हिस्सा लिया जबकि 2018 में यह घटकर 79 लाख रह गई। हालांकि, मैराथन में रुचि कम नहीं हुई। यह स्थिर रही। पिछले साल 11 लाख लोगों ने मैराथन दौड़ी। जबकि 5 किमी, 10 किमी और हाफ मैराथन में भागीदारी में कमी रही। 5 किमी में 13% अौर हाफ मैराथन में 25% कमी हुई। मैराथन के रिजल्ट को देखें तो पुरुष कैटेगरी में विदेशी खिलाड़ी घरेलू से 4% ज्यादा तेज हैं।
5 किमी रनर की उम्र सबसे ज्यादा 25% बढ़ी
मैराथन रनर की औसत उम्र 6% बढ़ी है। पहले यह 38 होती है, अब 40 हो गई है। हाफ मैराथन रनर की उम्र 37.5 से बढ़कर 39 हो गई। वहीं 10 किमी के रनर की उम्र 23% बढ़कर 33 से 39 हो गई। जबकि 5 किमी के रनर की उम्र 25% बढ़कर 32 से 40 हुई। महिला रनर की औसत उम्र 36 और पुरुष रनर की 40 है। वहीं, 30 से 50 साल की उम्र के खिलाड़ी सबसे अच्छा प्रदर्शन करते हैं। इस उम्र के खिलाड़ियों का औसत प्रदर्शन 4 घंटे 24 मिनट है। 30 से कम उम्र के खिलाड़ी 4 घंटे 32 मिनट का समय लेते हैं।
हाफ मैराथन में सबसे ज्यादा 30% भागीदारी बढ़ी
रनिंग रेस में सबसे ज्यादा हाफ मैराथन में पार्टिसिपेशन बढ़ा है। पिछले 18 साल में हाफ मैराथन में भागीदारी 30% तक बढ़ी। यह पहले 17% थी। वहीं, मैराथन में यह 12%, 10 किमी में 5% और 5 किमी में 3% बढ़ा।
स्विट्जरलैंड की महिला रनर 63% देशों के पुरुष रनर से तेज
स्टडी के अनुसार, स्पेन के पुरुष और स्विट्जरलैंड की महिला सबसे तेज हैं। स्विस महिला रनर 63% देशों के पुरुष रनर से तेज हैं। स्पेन के पुरुष रनर औसत 3 घंटे 49 मिनट 21 सेकंड का समय लेते हैं। पुर्तगाल दूसरे और नॉर्वे तीसरे पर है। स्विट्जरलैंड की महिलाएं औसतन 4 घंटे 4 मिनट 31 सेकंड, आइसलैंड की 4 घंटे 13 मिनट 51 सेकंड और यूक्रेन की 4 घंटे 14 मिनट 10 सेकंड लेती हैं।
रिलेटेड पोस्ट्स