जबलपुर में होगी चौथी राष्ट्रीय फ्लाइंग किक प्रतियोगिता

20 राज्यों के खिलाड़ी करेंगे शिरकत

खेलपथ प्रतिनिध

नई दिल्ली। खेल कोई भी हो उससे शरीर का व्यायाम ही होता है। भारत की युवा पीढ़ी को प्रतिदिन किसी न किसी खेल में जरूर हाथ आजमाना चाहिए। मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों के लिए यह खुशी की बात है कि संस्कारधानी जबलपुर में आगामी 15 से 17 नवम्बर के बीच चौथी राष्ट्रीय फ्लाइंग किक प्रतियोगिता (मार्शल आर्ट) होने जा रही है। इस प्रतियोगिता में 20 राज्यों के खिलाड़ी शिरकत करेंगे।

फ्लाइंग किक खेल नया जरूर है लेकिन यह दिल्ली ओलम्पिक खेलों में शामिल है। इतना ही नहीं हाल ही तेलंगाना में आयोजित राष्ट्रीय ओरिएंटेशन ट्रेनिंग प्रोग्राम में भी स्कूल गेम्स फेडरेशन आफ इंडिया के पदाधिकारियों द्वारा फ्लाइंग किक खेल (मार्शल आर्ट) को स्कूल खेलों में शामिल किए जाने की मंशा व्यक्त की गई है। भारतीय फ्लाइंग किक खेल महासंघ के महासचिव नीरज कुमार ने खेलपथ को बताया कि इस साल राष्ट्रीय प्रतियोगिता मध्य प्रदेश फ्लाइंग किक संघ के सौजन्य से 15 से 17 नवम्बर के बीच संस्कारधानी जबलपुर के इंडोर स्टेडियम में खेली जाएगी जिसमें 20 राज्यों के खिलाड़ी शिरकत करेंगे। चौथी राष्ट्रीय फ्लाइंग किक प्रतियोगिता (मार्शल आर्ट) में शिरकत करने वाले सभी खिलाड़ियों को हर प्रकार की सुविधा मध्य प्रदेश फ्लाइंग किक संघ द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी।

राष्ट्रीय फ्लाइंग किक महासंघ के महासचिव नीरज कुमार का कहना है कि फ्लाइंग किक खेल को 66वें राष्ट्रीय स्कूल गेम्स में भी शामिल कराने के प्रयास चल रहे हैं। इतना ही नहीं भारत सरकार के खेल एवं युवा कल्याण मंत्रालय से भी इस खेल को भारतीय खेलों की सूची में शामिल कराने का प्रयास किया जा रहा है। महासंघ के पदाधिकारी शीघ्र ही केन्द्रीय खेल मंत्री किरण रिजीजू से भी मुलाकात करने जा रहे हैं।

 

 

 

रिलेटेड पोस्ट्स