वर्ष 2022-23 के राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी करेगा मध्यप्रदेश

खेल मंत्री जीतू पटवारी की म.प्र. ओलम्पिक एवं राज्य स्तरीय खेल संघों के साथ हुई बैठक 
भोपालः
मध्यप्रदेश वर्ष 2022-23 में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी कर सकता है जिस पर सभी पदाधिकारियों की सहमति बन गई है। खेल मंत्री जीतू पटवारी की अध्यक्षता में सोमवार को टी.टी. नगर स्टेडियम में मध्यप्रदेश ओलम्पिक संघ एवं राज्यस्तरीय खेल संघों के पदाधिकारियों की बैठक में सर्वसम्मति से इसका फैसला लिया गया।
खेल मंत्री पटवारी ने कहा कि प्रदेश में खेलों की सुविधाओं में तेजी से विकास और बेहतर वातावरण तैयार हुआ है। उन्होंने कहा कि भोपाल, इन्दौर, जबलपुर और उज्जैन में राष्ट्रीय खेलों के आयोजन के लिये जो अधोसंरचना उपलब्ध है, उनका उन्नयन किया जायेगा। प्रदेश में खेलों के इस बड़े आयोजन से खेलों का माहौल बनेगा तथा खिलाड़ियों के लिए अपने प्रदेश में दमदार प्रदर्शन करने का मौका मिलेगा। आयोजन से बड़े पैमाने पर खेल अधोसंरचना विकसित होगी, जो खिलाड़ियों के बहुत काम आयेगी। 
मंत्री श्री पटवारी ने कहा कि खिलाड़ियों की चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता के लिए तंत्र बनाया जाए जिससे योग्य खिलाड़ी को उचित अवसर प्राप्त हो सके। उन्होंने विभिन्न खेल संघों से आग्रह किया कि चयन प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी बनाने के लिए आवेदन पत्र ऑनलाइन ही प्राप्त किये जाएं।
औद्योगिक घराने एक खेल गोद लें
खेल मंत्री श्री पटवारी ने कहा कि प्रदेश में खेलों के विकास के लिए निजी पब्लिक सेक्टर का सहयोग आवश्यक है। यह प्रयास करें कि प्रदेश के प्रतिष्ठित औद्योगिक घराने एक-एक खेल को गोद लें और उस खेल को बढ़ावा देने के लिए अधोसरंचना विकास एवं अन्य खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करें। इससे प्रदेश में खेल का माहौल बनेगा और अधोसरंचना का विकास भी होगा। बैठक में पटवारी ने बताया कि खेलों के विकास के लिए उत्कृष्ट खेल प्रशिक्षकों की उपलब्धता भी आवश्यक है। इसके लिए कोच डेवलपमेंट प्रोग्राम शुरू किया गया है। इसमें प्रदेश के प्रतिभावान प्रशिक्षक तथा ऐसे अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय खिलाड़ी जो अपना खेल में करियर समाप्त कर खेल प्रशिक्षक के रूप में अपना करियर बनाना चाहते हैं, उन्हें राज्य शासन द्वारा देश ही नहीं विदेश में अध्ययन के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जायेगी।
बैठक में संचालक खेल एवं युवा कल्याण एस.एल. थाऊसेन ने जानकारी दी कि राज्य शासन द्वारा खिलाड़ियों के लिए चिकित्सा एवं दुर्घटना बीमा योजना प्रारंभ की गई है। यह सुविधा उन सभी खिलाड़ियों को दी जायेगी जो अधिकृत राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। यह सुविधा सभी आयुवर्ग के खिलाड़ियों के लिए रहेगी। इस योजना के तहत प्रतिवर्ष खिलाड़ियों का मान्यता प्राप्त खेल संघों के सहयोग से पंजीयन किया जायेगा। श्री थाऊसेन ने विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारियों से आग्रह किया कि वे संबंधित खेल संघ को राष्ट्रीय स्तर के खिलाडियों की प्रमाणित सूची उपलब्ध करायें। पंजीबद्ध खिलाड़ी देश के किसी भी कोने में सूचीबद्ध अस्पतालों में अपना कैशलेस इलाज करा सकेगा।
इस अवसर पर मध्यप्रदेश ओलम्पिक संघ के अध्यक्ष रमेश मेन्दोला, म.प्र. ओलम्पिक संघ के सचिव दिग्विजय सिंह, मध्य प्रदेश ओलम्पिक संघ के उपाध्यक्ष विश्वास सारंग, संदीप जायसवाल, डा. मोहन यादव, ओम सोनी, अनिल धूपर, ओलम्पिक संघ के सह सचिव प्रशांत कुशवाह, वीरेन्द्र सिंह, कुलविन्दर सिंह गिल, विवेक जैन, राजेश यादव, ओलम्पियन पप्पू यादव तथा विभिन्न खेल संघों के लगभग 50 पदाधिकारी उपस्थित थे।

रिलेटेड पोस्ट्स