मेरठ की बेटी रूपल चौधरी ने दोहा में रचा इतिहास

एथलेटिक्स में लगातार तीन पदक जीत बढ़ाया राष्ट्र का गौरव

खेलपथ संवाद

मेरठ। दोहा की धरती पर रूपल चौधरी ने अपनी रफ्तार से इतिहास रच दिया। वह किसी भी अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा में एथलेटिक्स में लगातार तीन पदक जीतने वाली उत्तर भारत की पहली धावक बनी। रूपल से पहले 2023 में आयोजित एशियन गेम्स में पारुल चौधरी ने 3000 मीटर स्टेपलचेज और 5000 मीटर दौड़ में दो पदक हासिल किए थे।

इन दो बेटियों के अलावा प्रीति पाल ने पैरा एशियन गेम्स में दो पदक हासिल किए थे। रूपल चौधरी भी 2020 में अमेरिका में आयोजित विश्व जूनियर एथलेटिक चैम्पियनशिप में लगातार दो पदक हासिल कर चुकी है। रिले में वह फिलहाल भारत की नम्बर एक खिलाड़ी बनकर उभरी हैं। रोहटा थाना क्षेत्र के शाहपुर जैनपुर गांव निवासी रूपल चौधरी ने प्रतियोगिता में टीम इवेंट में दो स्वर्ण और 400 मीटर दौड़ में रजत पदक मिलाकर कुल तीन पदक जीते हैं। बुधवार को उन्होंने 400 मीटर दौड़ में रजत और 4 गुणा 400 मीटर मिक्स रिले में स्वर्ण पदक जीता था। जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव अनू कुमार ने बताया कि रूपल एक ही प्रतियोगिता में तीन पदकों पर कब्जा करने वाली उत्तर भारत की पहली धावक बन गई है।

इससे पहले पारूल ने एक ही प्रतियोगिता में दो पदक जीते थे। रूपल चौधरी के बुधवार को दो पदक जीतने के बाद गुरुवार को होने वाले मुकाबले को लेकर ग्रामवासियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। रूपल के मुकाबले को लेकर दोपहर से ही ग्रामीण अपने टीवी सेट पर नजर गड़ाए रहे। पहले रूपल का मुकाबला शाम को 4:30 बजे शुरू होना था लेकिन बाद में टाइम चेंज होते हुए उनका मुकाबला शाम को 7:15 पर शुरू हुआ। ग्रामीणों में खासा उत्साह दिखाई दिया। ग्रामीण रूपल के मेडल को लेकर काफी आश्वस्त थे। ग्रामीणों का कहना था कि बेटी का मेडल पक्का है। वह तीनों स्पर्धा में मेडल लाकर इतिहास रचेगी। ग्रामीणों की यह बात रूपल ने पूरी की और महिला मिक्स रिले में स्वर्ण पदक हासिल किया। पिता ओमवीर ने उनका यह मुकाबला एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर देखा।

रूपल चौधरी की उपलब्धियां- 2022 में विश्व अंडर-20 एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में 4x400 मीटर रिले में रजत पदक और 400 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीता। विश्व अंडर-20 एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय- राष्ट्रीय अंडर-20 फेडरेशन कप एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में 400 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक- जापान में एशियाई रिले चैम्पियनशिप में रजत पदक - 28वें फेडरेशन कप 2025 में स्वर्ण पदक - 26वीं एशियाई एथलेटिक चैम्पियनशिप 2025 में मिक्स महिला रिले दौड़ में स्वर्ण पदक।

रिलेटेड पोस्ट्स