तीन लाख से अधिक छात्रों को धोनी ने दिया सफलता का मंत्र

दिग्गज क्रिकेटर ने कहा- छोटे शहरों के सपने दुनिया जीत सकते हैं
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने तीन लाख से अधिक छात्रों को सफलता का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि छोटे शहरों के सपने दुनिया को जीत सकते हैं। मंगलवार को मुंबई के एसवीपी स्टेडियम में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दिग्गज खिलाड़ी ने अपने संघर्ष की दास्तां बयां की। 
रांची जैसे छोटे से शहर से निकलकर क्रिकेट की दुनिया में बड़ा नाम कमाने वाले धोनी ने छात्रों के साथ अपना सफर साझा किया। उन्होंने कहा- छोटे शहरों के सपने दुनिया को जीत सकते हैं-सफलता अब पिन कोड की मोहताज नहीं है। अगर रांची का एक लड़का इसे हासिल कर सकता है, तो सही मार्गदर्शन, समर्पण और मानसिकता के साथ कोई भी ऐसा कर सकता है।
धोनी की क्रिकेट यात्रा इस खेल के इतिहास में सबसे प्रेरणादायक यात्राओं में से एक रही है। रेलवे स्टेशन पर टिकट कलेक्टर के रूप में काम करने के बाद वह भारत के सबसे बड़े ट्रॉफी कलेक्टर भी बन गए और टीम की कप्तानी करते हुए आईसीसी टी20 विश्व कप 2007, आईसीसी क्रिकेट विश्व कप 2011 और आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी 2013 में टीम की कप्तानी की। उन्होंने 2004 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया और एक पावर हिटर के रूप में खुद का नाम बनाया।
उन्होंने आगे कहा- पर्दे के पीछे होने वाली तैयारियों पर ध्यान दें, यही वह चीज है जो बड़े मंच पर धैर्य और उसके बाद आने वाले नतीजों की ओर ले जाती है। वर्तमान में जिएं और हर पल का आनंद लें - मैंने कभी भारत के लिए खेलने के बारे में नहीं सोचा, मैं केवल बड़े होने के दौरान खेले गए हर मैच में अपना सर्वश्रेष्ठ देने पर ध्यान केंद्रित करता था।
इस दौरान धोनी ने छात्रों को अपनी असफलताओं से सीखने और आगे बढ़ते रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा- सफलता और असफलता जीवन का हिस्सा हैं। असफलताओं से सीखना और आगे बढ़ते रहना ही मुख्य बात है। नेताओं का सम्मान, चुनौतियों को स्वीकार करना और कड़ी मेहनत करना ऐसे अपूरणीय मूल्य हैं जो सफलता को परिभाषित करते हैं।
चेन्नई सुपर किंग्स में 'थाला' के रूप में जाने जाने वाले धोनी ने भारत के लिए 98 टी20 खेले, जिसमें 126.13 के स्ट्राइक रेट से 37.60 की औसत से 1,617 रन बनाए। उनके नाम इस प्रारूप में दो अर्धशतक हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 56 रन है। टेस्ट की बात करें तो धोनी ने 90 मैच खेले, जिसमें 38.09 की औसत से 4,876 रन बनाए। उन्होंने 224 के सर्वश्रेष्ठ स्कोर के साथ छह शतक और 33 अर्धशतक बनाए। वह टेस्ट में भारत के लिए 14वें सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। एक कप्तान के रूप में उन्होंने 60 टेस्ट मैचों में भारत का नेतृत्व किया, जिसमें से उन्होंने 27 मैच जीते, 18 हारे और 15 ड्रॉ रहे। 
आईसीसी खिताब के लिए भारत का मार्गदर्शन करने के अलावा, उन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) और चैंपियंस लीग टी20 में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को फ्रेंचाइजी का गौरव भी दिलाया है। उन्होंने सीएसके को 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में पांच आईपीएल खिताब दिलाए हैं। धोनी की कप्तानी में सीएसके ने 2010 और 2014 में चैम्पियंस लीग टी20 का खिताब जीता है। धोनी ने 2016 से 2017 में सीएसके के बैन होने पर राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स के लिए खेले थे। आईपीएल में धोनी ने 264 आईपीएल मैच खेले। इनमें उन्होंने 39.13 की औसत से 5,243 रन बनाए हैं। उन्होंने टूर्नामेंट में 24 अर्धशतक भी लगाए हैं। उनके नाम 152 कैच और 42 स्टंपिंग भी हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स