राष्ट्रीय खेलों की पदक तालिका में कर्नाटक फिर शीर्ष पर पहुंचा

सर्विसेज स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड दूसरे तथा महाराष्ट्र तीसरे स्थान पर
खेलपथ संवाद
देहरादून।
38वें राष्ट्रीय खेलों का आज आठवां दिन है, पदक तालिका में कर्नाटक शीर्ष स्थान पर है। सर्विसेज स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड को पछाड़ कर्नाटक मेडल रेस में एक बार फिर आगे हो गया है। कर्नाटक ने अब तक 22 गोल्ड, 10 रजत और 10 कांस्य पदकों के साथ कुल 42 पदक जीतकर शीर्ष स्थान हासिल किया है, इसके पीछे सर्विसेज 19 स्वर्ण, 10 रजत और 9 कांस्य पदकों के साथ 38 पदकों पर पहुंच चुका है।
महाराष्ट्र ने अब तक सबसे अधिक 61 पदक अर्जित किए हैं, जिनमें 15 स्वर्ण, 26 रजत और 20 कांस्य पदक शामिल हैं, जिससे यह कुल पदकों की संख्या के आधार पर सबसे आगे है, लेकिन स्वर्ण पदकों की संख्या कम होने के कारण तीसरे स्थान पर है। मणिपुर ने 11 स्वर्ण, 10 रजत और 5 कांस्य, टोटल 26 पदकों के साथ चौथा स्थान प्राप्त किया है, जबकि मध्य प्रदेश 10 स्वर्ण, 5 रजत और 5 कांस्य यानि 20 पदकों के साथ पांचवें स्थान पर है।
अब तक हरियाणा, तमिलनाडु और दिल्ली ने भी प्रभावशाली प्रदर्शन किया है। तमिलनाडु 9 गोल्ड, 12 रजत और 12 कांस्य टोटल 34 पदकों के साथ छठें स्थान पर है जबकि दिल्ली 7 गोल्ड, 8 सिल्वर, 6 ब्रॉन्ज टोटल 21 मेडल के साथ सातवें स्थान पर बना हुआ है। वहीं हरियाणा 8वें स्थान पर है। हरियाणा ने 6 स्वर्ण, 9 रजत और 18 कांस्य पदक जीतकर कुल 33 पदक हासिल किए हैं।
उत्तराखंड, जो इस बार खेलों की मेजबानी कर रहा है, ने अब तक केवल 1 स्वर्ण, 7 रजत और 9 कांस्य पदकों के साथ कुल 17 पदक जीते हैं, जिससे वह 19वें स्थान पर है। राष्ट्रीय खेलों में अब तक का यह रोमांचक प्रदर्शन यह दर्शाता है कि विभिन्न राज्य और संघीय टीमें अपने खिलाड़ियों के बेहतरीन खेल प्रदर्शन के साथ आगे बढ़ रही हैं। अगले कुछ दिनों में पदक तालिका में और बदलाव देखने को मिल सकते हैं।

 

रिलेटेड पोस्ट्स