एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी में भारत ने लगाया जीत का चौका

हरमनप्रीत सिंह के दो गोल की बदौलत दक्षिण कोरिया को दी 3-1 की शिकस्त
खेलपथ संवाद
बीजिंग।
भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी 2024 के अपने चौथे मैच में दक्षिण कोरिया को 3-1 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। भारत बनाम दक्षिण कोरिया मुकाबला गुरुवार को खेला गया। भारत के लिए कप्तान हरमनप्रीत सिंह (9वें और 33वें मिनट में) ने दो गोल जबकि अरिजीत सिंह हुंदल (8वें मिनट में) ने एक गोल किए। दक्षिण कोरिया के लिए जी हुन यांग ने एकमात्र गोल 30वें मिनट में किया।
इससे पहले हरमनप्रीत सिंह की अगुवाई वाली टीम ने जापान और रिपब्लिक ऑफ चाइना और मलेशिया को हराया था। आत्मविश्वास से लबरेज भारतीय हॉकी टीम ने इस मैच के सातवें मिनट में गोल दागकर एक मजबूत शुरुआत की। शानदार फॉर्म में चल रहे अरिजीत सिंह हुंदल ने टीम के लिए खाता खोला। इसके अगले मिनट में ही कप्तान हरमप्रीत सिंह ने एक पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर कोरिया टीम के खिलाफ 2-0 से एकतरफा बढ़त बना ली। इसके साथ ही उन्होंने अंतरराष्ट्रीय हॉकी में अपना 200वां गोल भी पूरा किया।
ध्यानचंद और बलबीर सिंह के बाद हरमनप्रीत सिंंह 200 गोल पूरा करने वाले तीसरे भारतीय हॉकी खिलाड़ी बने। खेल के पहले क्वार्टर में दक्षिण कोरियाई टीम पजेशन पाने के लिए लगातार संघर्ष करती रही तो दूसरी तरफ दो बार की ओलम्पिक पदक विजेता टीम ने खेल के पहले 15 मिनट में ही शानदार खेल दिखाते हुए मैच पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली। मैच के दूसरे क्वार्टर में भारतीय टीम को कोई सफलता हाथ नहीं लगी, लेकिन इस बीच दक्षिण कोरिया टीम ने अपना खाता खोला। कोरियाई खिलाड़ी जी हुन यांग ने एक पेनल्टी कॉर्नर के जरिए टीम के लिए सफलता हासिल की।
खेल के पहले हाफ के बाद एक बार फिर भारतीय टीम ने सफलता हासिल की। मैच के 43वें मिनट में ड्रैग फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर का बखूबी इस्तेमाल किया और विपक्षी टीम के खिलाड़ियों को चकमा देते हुए टीम को तीसरी सफलता दिला दी। इस गोल के बाद भारत का पलड़ा और भारी हो गया। खेल के अंतिम क्वार्टर में प्रवेश करने से पहले ही पेरिस 2024 ओलम्पिक हॉकी कांस्य पदक विजेता टीम ने मैच में 3-1 की मजबूत बढ़त हासिल कर ली थी।
खेल का अखिरी और चौथा क्वार्टर गोलरहित रहा और भारत ने बड़ी आसानी से इस मुकाबले को जीतकर प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली। अंक तालिका में भारत 12 प्वाइंट के साथ शीर्ष पर है। भारतीय पुरुष हॉकी टीम 14 सितम्बर को चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से भिड़ेगी।

रिलेटेड पोस्ट्स