भारत को पेरिस में 30 का आंकड़ा छूने को तीन पदक की जरूरत

पैरालम्पिक में 27 पदकों के साथ भारत 17वें स्थान पर
आज 200 मीटर दौड़ में सिमरन तो 400 मीटर दौड़ में दिलीप गावित से पदक की उम्मीद
खेलपथ संवाद
पेरिस।
पेरिस में चल रहे पैरालम्पिक खेलों में भारत का शानदार प्रदर्शन जारी है। देश पहले ही पैरा खेलों के इतिहास में अपने सबसे ज्यादा पदक जीत चुका है। भारत ने अब तक कुल 27 पदक जीते हैं। इनमें छह स्वर्ण, नौ रजत और 12 कांस्य पदक शामिल हैं। ऊंची कूद के खिलाड़ी प्रवीण कुमार, निशानेबाज अवनि लेखरा, भाला फेंक एथलीट सुमित अंतिल, तीरंदाज हरविंदर सिंह, बैडमिंटन स्टार नितेश कुमार और क्लब थ्रोअर धरमबीर नैन ने भारत के लिए स्वर्ण पदक जीते। 
भारत का पिछला सर्वश्रेष्ठ पदक टोक्यो 2020 पैरालम्पिक में था, जहां देश ने पांच स्वर्ण समेत 19 पदक जीते थे। पैरालम्पिक में आज यानी शनिवार को 200 मीटर दौड़ में सिमरन और 400 मीटर दौड़ में दिलीप गावित से पदक की उम्मीदें हैं। इसके अलावा साइकिलिंग और स्वीमिंग में भी पदक की उम्मीद है। 
हरविंदर और प्रीति ध्वजवाहक होंगे
स्वर्ण पदक जीतने वाले पैरा तीरंदाज हरविंदर सिंह और पैरालंपिक में दो पदक जीतने वाली प्रीति पाल रविवार को होने वाले पेरिस पैरालंपिक खेलों के समापन समारोह में भारतीय ध्वजवाहक होंगे। 33 वर्षीय हरविंदर ने पैरालंपिक में स्वर्ण जीतने वाले पहले भारतीय तीरंदाज बनकर इतिहास रचा था। हरविंदर ने इससे पहले टोक्यो पैरालंपिक में कांस्य पदक जीता था।
हरविंदर ने कहा कि समापन समारोह के दौरान भारतीय ध्वज पकड़ना उनके लिए सर्वोच्च सम्मान की बात की है जिसका उन्होंने सपना देखा था। उन्होंने कहा, भारत के लिए स्वर्ण जीतना ऐसा सपना था जो पूरा हो गया है। अब समापन समारोह में ध्वजवाहक बनने का सर्वोच्च सम्मान मिलना जो मेरा सपना था वो पूरा हो रहा है। यह जीत उन सभी लोगों की है जिन्होंने मुझ पर भरोसा जताया और मुझे उम्मीद है कि मैं उन लोगों को प्रेरित करूंगा जो सपने पूरा करना चाहते हैं।
पैरालंपिक 2024 में इन्होंने जीते पदक
अवनि लेखरा: स्वर्ण पदक: निशानेबाजी
मोना अग्रवाल: कांस्य पदक: निशानेबाजी
प्रीति पाल: कांस्य पदक: एथलेटिक्स
मनीष नरवाल: रजत पदक: निशानेबाजी
रुबीना फ्रांसिस: कांस्य पदक: निशानेबाजी
प्रीति पाल: कांस्य पदक: एथलेटिक्स
निषाद कुमार: रजत पदक: एथलेटिक्स
योगेश कथुनिया: रजत पदक: एथलेटिक्स
नितेश कुमार: स्वर्ण पदक: बैडमिंटन
मनीषा रामदास: कांस्य पदक: बैडमिंटन
तुलसीमति मुरुगेसन: रजत पदक: बैडमिंटन
सुहास एलवाई: रजत पदक: बैडमिंटन
राकेश कुमार/शीतल देवी: कांस्य पदक: तीरंदाजी
सुमित अंतिल: स्वर्ण पदक: एथलेटिक्स
नित्या श्री सिवान: कांस्य पदक: बैडमिंटन
दीप्ति जीवनजी: कांस्य पदक: एथलेटिक्स
अजीत सिंह: रजत पदक: एथलेटिक्स
सुंदर सिंह गुर्जर: कांस्य पदक:एथलेटिक्स
शरद कुमार: रजत पदक: एथलेटिक्स
मरियप्पन थंगावेलु: कांस्य पदक: एथलेटिक्स
सचिन सरजेराव खिलाड़ी: रजत पदक: एथलेटिक्स
धरमबीर: स्वर्ण पदक: एथलेटिक्स
प्रणव सूरमा: रजत पदक: एथलेटिक्स
हरविंदर सिंह: स्वर्ण पदक: तीरंदाजी
कपिल परमार: कांस्य पदक: जूडो
प्रवीण कुमार: स्वर्ण पदक: एथलेटिक्स
होकाता सेमा: कांस्य पदक: एथलेटिक्स

रिलेटेड पोस्ट्स