गोल्ड जीत तीरंदाज हरविंदर सिंह ने पैरालम्पिक में रचा इतिहास
 
     
        
	       प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ऐतिहासिक प्रदर्शन पर दी बधाई
खेलपथ संवाद
पेरिस। भारतीय खिलाड़ियों का पेरिस पैरालम्पिक में अभूतपूर्व प्रदर्शन जारी है। बुधवार को तीरंदाज हरविंदर सिंह ने पुरुषों के व्यक्तिगत रिकर्व ओपन में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। वह पैरालम्पिक तीरंदाजी में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय हैं। पीएम मोदी ने उनके इस ऐतिहासिक प्रदर्शन पर उन्हें बधाई दी। 
पेरिस पैरालम्पिक में भारत ने पांचवां स्वर्ण पदक जीता है। अब भारत के नाम 24 पदक हो गए हैं। इनमें पांच स्वर्ण, नौ रजत और 10 कांस्य पदक शामिल हैं। इसी के साथ भारत पैरालम्पिक की पदक तालिका में 13वें स्थान पर पहुंच गया है। पदकों की यह संख्या अब तक की सर्वश्रेष्ठ है। टोक्यो 2020 पैरालम्पिक में भारत ने 19 पदक जीते थे। भारत इस साल 25 पार के लक्ष्य के साथ उतरा है। वहीं, भारत ने एक पैरालम्पिक खेलों में सबसे ज्यादा मेडल जीतने का नया रिकॉर्ड कायम किया है।
पोलियो ग्रस्त हरविंदर ने तीरंदाजी के ओपन रिकर्व के फाइनल में पोलैंड के ल्यूकास सिजेक को 6-0 से हराकर स्वर्ण जीता। वह पैरालम्पिक में स्वर्ण जीतने वाले देश के पहले पैरा तीरंदाज बन गए। इससे पहले उन्होंने पुरुषों की रिकर्व ओपन प्रतियोगिता में लगातार चार जीत हासिल करके फाइनल में प्रवेश किया था। हरविंदर ने अंतिम चार चरण में ईरान के मोहम्मद रजा अरब अमेरी को 7-3 से हराया था। वहीं, क्वार्टर फाइनल में हरविंदर ने दुनिया के नौवें नंबर के खिलाड़ी कोलंबिया के हेक्टर जूलियो रामिरेज को हराया। इससे पहले उन्होंने राउंड ऑफ 32 में चीनी ताइपे के त्सेंग लुंग-हुई को 7-3 से हराया और फिर शुरुआती सेट में पिछड़ने के बाद इंडोनेशिया के सेतियावान सेतियावान को अंतिम 16 राउंड में 6-2 से हराया।
पीएम ने हरविंदर की ऐतिहासिक जीत पर अपने एक्स हैंडल पर लिखा- पैरा तीरंदाजी में एक बहुत ही खास स्वर्ण पदक! पैरालंपिक 2024 में पुरुषों के व्यक्तिगत रिकर्व ओपन में स्वर्ण पदक जीतने के लिए हरविंदर सिंह को बधाई! उनकी सटीकता, ध्यान और अटूट भावना शानदार है। भारत उनकी उपलब्धि से बहुत खुश है।

 
         
                       
                  
                         
         
                       
                  
                         
         
                       
                  
                         
         
                       
                  
                        