अवनि बोलीं- महिलाओं के लिए तोड़े बैरियर

टोक्यो के बाद पेरिस में भी जीता स्वर्ण
खेलपथ संवाद
पेरिस।
पैरा शूटर अवनि लेखरा ने शुक्रवार को पेरिस पैरालम्पिक में टोक्यो का प्रदर्शन दोहराया। उन्होंने स्वर्ण पदक जीतकर भारतवासियों को गौरवान्वित किया। अवनि ने  दूसरे दिन ही महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग एसएच1 स्पर्धा में भारत को स्वर्ण पदक दिलाया। इस तरह भारत का पेरिस पैरालम्पिक में शानदार आगाज हुआ है। इस जीत के बाद उन्होंने कहा कि इसने भारत में महिला खिलाड़ियों के लिए बैरियर तोड़ दिए हैं।
अवनि ने टोक्यो पैरालंपिक में महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में अपने स्वर्ण पदक का सफलतापूर्वक बचाव किया। उन्होंने फाइनल में 249.7 के रिकॉर्ड स्कोर के साथ जीत हासिल की जबकि मोना अग्रवाल ने कांस्य पदक जीता। जीत के बाद उन्होंने अपना अनुभव साझा किया। अवनि ने कहा- मैंने कभी नहीं सोचा था। मैं बस दिन में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के बारे में सोच रही थी। मुझे खुशी है कि मैं अपने देश के लिए स्वर्ण पदक जीतने में सफल रही। इसने देश की अन्य महिलाओं के लिए बैरियर तोड़ दिया। वे अब सोच सकती हैं कि ‘भारत में महिलाएं भी स्वर्ण जीत सकती हैं’। मैं आभारी हूं कि मैं ऐसा करने वाली पहली महिला हूं। 
सर्जरी पर भी अवनि ने की चर्चा
अवनि ने बताया कि उनके लिए इस साल की शुरुआत में एक सर्जरी की चुनौती से पार पाना चुनौतीपूर्ण रहा। उन्होंने पित्ताशय की सर्जरी के विषय में बात करते हुए कहा- मार्च में मेरी सर्जरी हुई थी और मैं रेंज से बाहर थी, मैं अभ्यास नहीं कर रही थी। मानसिक रूप से इसने मुझे परेशान किया क्योंकि मैं पैरालंपिक से कुछ महीने पहले ट्रेनिंग नहीं ले रही थी। अभी मुझे और स्पर्धायें खेलनी हैं और मैं सभी में अपना सर्वश्रेष्ठ देना चाहती हूं, देखते हैं क्या होता है।

रिलेटेड पोस्ट्स