सत्य प्रकाश सांगवान होंगे भारतीय दल के मिशन प्रमुख

पेरिस पैरालम्पिक में 12 खेलों में धमाल मचाएंगे खिलाड़ी
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली। पेरिस पैरालम्पिक का काउंट डाउन शुरू हो चुका है और इसी कड़ी में भारतीय पैरालम्पिक समिति (पीसीआई) के उपाध्यक्ष सत्य प्रकाश सांगवान को भारतीय दल का मिशन प्रमुख नियुक्त किया गया है। इसकी घोषणा मंगलवार को की गई है। सांगवान को पैरालम्पिक अभियान के साथ जुड़े रहने का एक दशक से भी अधिक समय का अनुभव है।
मिशन प्रमुख के रूप में सत्य प्रकाश सांगवान 84 पैरा खिलाड़ियों के भारत के अब तक के सबसे बड़े दल की अगुआई करेंगे। भारतीय खिलाड़ी 12 खेलों में चुनौती पेश करेंगे। सांगवान ने कहा, 'यह जिम्मेदारी मिलना मेरे लिए बहुत सम्मान की बात है। मैं यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हूं कि हमारे खिलाड़ियों के पास पैरालंपिक में सफल होने और भारत को गौरवान्वित करने के लिए आवश्यक सभी चीजें हों।'
पीसीआई अध्यक्ष देवेंद्र झझारिया ने कहा, सत्य प्रकाश सांगवान एक दशक से अधिक समय से भारतीय पैरालम्पिक समिति का अभिन्न अंग रहे हैं। उनका समर्पण और नेतृत्व हमेशा हमारे खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा रहा है। हमें विश्वास है कि मिशन प्रमुख के रूप में उनके मार्गदर्शन में हमारी टीम पेरिस पैरालंपिक 2024 में बड़ी सफलता हासिल करेगी।