निशानेबाजी विश्व कप में भाग नहीं लेंगी मनु भाकर

कोच जसपाल राणा ने दी ओलम्पिक पदक विजेता की जानकारी
निशानेबाजी विश्व कप दिल्ली में 13 से 18 अक्टूबर तक होगा
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली। पेरिस ओलम्पिक में दो कांस्य पदक विजेता मनु भाकर तीन महीने का ब्रेक ले सकती हैं। माना जा रहा है कि वह दिल्ली में होने वाले विश्व कप से भी बाहर रह सकती हैं। इस बात के संकेत मनु के कोच जसपाल राणा ने दिए हैं। निशानेबाजी विश्व कप दिल्ली में 13 से 18 अक्टूबर तक होना है।
भारतीय दल पेरिस ओलम्पिक में कुल छह पदक अपने नाम करने में कामयाब रहा। इनमें से दो मनु भाकर ने जीते। उन्होंने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा और सरबजोत के साथ मिलकर 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित स्पर्धा में कांस्य पदक जीते। वह स्वतंत्र भारत के इतिहास में पहली एक ही संस्करण में दो पदक जीतने वाली भारतीय एथलीट बन गईं।
इस बीच स्टार निशानेबाज के कोच जसपाल राणा ने जानकारी दी कि वह अक्टूबर में होने वाले विश्व कप का हिस्सा नहीं होंगी। जसपाल ने कहा- मुझे नहीं पता कि वह अक्टूबर में होने वाले विश्व कप में खेलेंगी या नहीं क्योंकि वह तीन महीने का ब्रेक ले रही है। वह लम्बे समय से कड़ी मेहनत कर रही है तो यह नॉर्मल ब्रेक है। निशानेबाजी विश्व कप दिल्ली में 13 से 18 अक्टूबर के बीच होगा। जसपाल ने कहा कि ब्रेक के बाद वे 2026 एशियाई खेल और राष्ट्रमंडल खेलों पर काम करेंगे।