हरमनप्रीत की पलटन का हॉकी में विजय अभियान जारी

आयरलैंड को 2-0 से दी शिकस्त, सरपंच साहब फिर बने हीरो
भारत का अगला मुकाबला एक अगस्त को बेल्जियम से होगा
खेलपथ संवाद
पेरिस।
कप्तान हरमनप्रीत सिंह के दो गोल और गोलकीपर पीआर श्रीजेश के शानदार प्रदर्शन की मदद से भारतीय पुरूष हॉकी टीम ने पेरिस ओलम्पिक में अपना अपराजेय अभियान जारी रखते हुए आयरलैंड को 2-0 से हराया। पहले दो मैचों में कई गलतियां करने वाली भारतीय टीम ने पूल बी के तीसरे मैच में मंगलवार को हाफटाइम तक आयरलैंड पर पूरा दबाव बनाये रखा। कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने 11वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक पर पहला और 19वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर दूसरा गोल किया।
भारतीय हॉकी टीम ने पेरिस ओलम्पिक 2024 में आयरलैंड को 2-0 से धो डाला। भारत के लिए दोनों ही गोल कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने किए। भारत ने इस जीत के साथ ही ग्रुप-बी में पहला स्थान हासिल कर लिया है। यह भारत का तीसरा मैच था। भारत ने पहले मैच में न्यूजीलैंड को हराया था। दूसरे मैच में अर्जेंटीना के खिलाफ ड्रॉ खेला था। भारतीय टीम आयरलैंड को हराने के साथ ही अपने ग्रुप बी में पहले नम्बर पहुंच गई है। उसके दो जीत और एक ड्रॉ से 7 अंक हैं।
भारत का अगला मुकाबला अब बेल्जियम से होना है। दोनों ही टीमें एक अगस्त को टकराएंगी। बेल्जियम को भारत से मुकाबले से पहले ऑस्ट्रेलिया से खेलना है। ऑस्ट्रेलिया और बेल्जियम दोनों ने अब तक दो-दो मैच खेले हैं और दोनों ही जीते हैं। बेल्जियम ग्रुप में दूसरे और ऑस्ट्रेलिया तीसरे नम्बर पर है। अर्जेंटीना चौथे नंबर पर है। न्यूजीलैंड और आयरलैंड क्रमश: पांचवें और छठे नंबर पर हैं। भारत ने आयरलैंड के खिलाफ अच्छी शुरुआत की है। भारतीय टीम ने दूसरे ही मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर हासिल किया हालांकि, हरमनप्रीत सिंह इसे गोल में तब्दील नहीं कर सके। भारत को पेनाल्टी कॉर्नर की इस कमजोरी से उबरना होगा। भारत को पिछले दो मैच में 13 पेनाल्टी कॉर्नर मिल हैं। भारतीय हॉकी टीम इनमें से दो में ही गोल कर पाई।
भारत 11वें मिनट में आयरलैंड के डिफेंड को बेतरतीब करते हुए गोलपोस्ट तक पहुंचा। आयरिश डिफेंडर ने भारतीय खिलाड़ी को गिरा दिया। रेफरी ने तुरंत पेनाल्टी स्ट्रोक दिया, जिसे हरमनप्रीत कौर ने गोल में बदलने में कोई गलती नहीं की। भारत ने इसके बाद भी आयरलैंड पर कई हमले किए हालांकि, वह अपनी बढ़त दोगुनी नहीं कर सका। 15 मिनट के बाद यानी पहले क्वार्टर के बाद भारत के पक्ष में स्कोर 1-0 रहा। इस मैच में कुछ बातें ऐसी हुई हैं, जो इस ओलम्पिक में पहली बार हैं। जैसे कि भारत ने पहली बार पहले क्वार्टर में गोल किया है। पहली बार भारतीय टीम पहले क्वार्टर के बाद बढ़त पर रही। भारत ने दूसरे क्वार्टर में शुरुआत से ही हमले किए। उसने पहले 4 मिनट में ही तीन पेनाल्टी कॉर्नर हासिल किए और तीसरे पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में भी बदल दिया। हरमनप्रीत सिंह ने एक बार फिर भारत के लिए गोल किया। यह टूर्नामेंट में उनका चौथा गोल है। 

रिलेटेड पोस्ट्स