भारतीय खिलाड़ियों को पेरिस में मिलेगा 50 डॉलर दैनिक भत्ता

आईओए की कार्यकारी परिषद सदस्य नहीं लेंगे दैनिक भत्ता
आईओए प्रतिदिन नहीं देगी 50 अमेरिकी डॉलर जेब खर्च
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली। पेरिस ओलम्पिक की शुरुआत होने में अब चंद दिन शेष रह गए हैं और भारतीय एथलीट इसके लिए तैयार हैं। भारत इस बार भी ओलम्पिक में 100 से अधिक सदस्यों का दल भेज रहा है और उम्मीद है कि देश को पिछली बार की तुलना में और बेहतर सफलता मिलेगी। भारतीय एथलीटों को इस दौरान पेरिस में जेब खर्च मिलने का मामला काफी चर्चा में है, लेकिन भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) की कार्यकारी परिषद (ईसी) पेरिस ओलम्पिक में खेलने जा रहे भारतीय खिलाड़ियों को प्रतिदिन 50 अमेरिकी डॉलर (लगभग चार हजार रुपये) का जेब खर्च देने के पक्ष में नहीं है।
ईसी का मानना है कि जब ओलम्पिक के दौरान खिलाड़ियों को खेल मंत्रालय दैनिक जेब खर्च दे रहा है तो आईओए को यह भत्ता देने की जरूरत नहीं है। इससे पहले ईसी सदस्यों ने ओलम्पिक के दौरान उन्हें मिलने वाला 300 डॉलर प्रतिदिन (लगभग 25 हजार रुपये) का दैनिक भत्ता लेने से इन्कार कर दिया था। आईओए की ओर से ओलम्पिक के बजट में खिलाड़ियों को 50 और ईसी सदस्यों को 300 डॉलर प्रतिदिन का जेब खर्च प्रस्तावित था। टोक्यो ओलम्पिक के दौरान भी यही जेब खर्च खिलाड़ियों और ईसी सदस्यों को दिया गया था।
ओलम्पिक बजट पास करने के लिए 30 जून को बुलाई गई कार्यकारी परिषद की बैठक में सदस्यों ने अपना दैनिक भत्ता लेने से इन्कार कर दिया, लेकिन यह भी कहा कि किसी को भी दोहरा जेब खर्च देना नहीं बनता है। खेल मंत्रालय पहले से ही खिलाड़ियों को एशियाई, राष्ट्रमंडल और ओलम्पिक में 50 डॉलर का दैनिक जेब खर्च देता आ रहा है। ऐसे में आईओए की ओर से भी जेब खर्च दिए जाने का प्रावधान नहीं होना चाहिए। ईसी ने कहा कि खिलाड़ियों को जेब खर्च दिए जाने का प्रस्ताव खेल मंत्रालय को भेजा जाना चाहिए।
प्रशिक्षकों को भी मिलेगी इनामी राशि
पदक विजेताओं के प्रशिक्षकों को भी ईनामी राशि देने का फैसला किया गया है। आईओए ओलम्पिक में स्वर्ण जीतने वाले को एक करोड़, रजत जीतने वाले को 75 लाख और कांस्य जीतने वाले को 50 लाख रुपये का नकद पुरस्कार देगा, लेकिन ईसी ने उनके प्रशिक्षकों को भी इनामी राशि देने का फैसला लिया है। ओलम्पिक में जो प्रशिक्षक पदक विजेता के साथ होगा, उसी को कोच माना जाएगा। स्वर्ण पदक पर प्रशिक्षक को 25 लाख, रजत पर 20 और कांस्य पर 15 लाख रुपये दिए जाएंगे। टीम इवेंट के लिए आईओए ने क्रमशः दो करोड़, एक करोड़ और 75 लाख रुपये निर्धारित किए थे, लेकिन ईसी ने सरकारी नियमों के अनुसार टीम पदक विजेताओं को इनामी राशि दिए जाने को कहा।