भारतीय पुरुष-महिला तीरंदाजी टीमें पेरिस में दिखाएंगी जौहर

विश्व तीरंदाजी की नवीनतम रैंकिंग के आधार पर मिला ओलम्पिक कोटा
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
भारतीय पुरुष और महिला तीरंदाजी टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए पेरिस ओलम्पिक का कोटा प्राप्त कर लिया। पुरुष और महिला दोनों वर्गों में क्वालिफिकेशन हासिल करने में नाकाम रहे देशों की रैंकिंग में शीर्ष स्थान हासिल कर टीम ने कोटा पक्का किया। भारत ने सोमवार को जारी विश्व तीरंदाजी की नवीनतम रैंकिंग के आधार पर पेरिस ओलम्पिक के लिए कोटा प्राप्त किया। 
पेरिस ओलम्पिक का आयोजन जुलाई-अगस्त में होना है। भारत इस तरह से पेरिस में सभी पांच पदक स्पर्धाओं (पुरुष और महिला टीम, व्यक्तिगत और मिक्स्ड श्रेणियों) में प्रतिस्पर्धा करने का पात्र होगा। पुरुष वर्ग में रैंकिंग के आधार पर भारत और चीन ने कोटा हासिल किया, जबकि महिला वर्ग में भारत के अलावा इंडोनेशिया कोटा हासिल करने वाला दूसरा देश रहा। ओलंपिक में 12 देश टीम स्पर्धाओं में चुनौती पेश करेंगे, जबकि मिक्स्ड प्रतियोगिताओं में पांच टीमें प्रतिस्पर्धा करेंगी। यह पहली बार है जब तीन चरण के ओलम्पिक क्वालीफायर के बाहर रहने वाले शीर्ष दो देशों को टीम कोटा प्रदान किया गया है। 
अनुभवी तीरंदाज तरुणदीप रॉय और दीपिका कुमारी रिकॉर्ड चौथी बार ओलम्पिक में चुनौती पेश करेंगे। सेना के 40 साल के दिग्गज तरुणदीप ने 2004 में एथेंस ओलम्पिक में पहली बार देश का प्रतिनिधित्व किया था, जबकि दीपिका का यह लगातार चौथा ओलम्पिक होगा। उन्होंने 2012 में लंदन में पहली बार ओलम्पिक खेलों में हिस्सा लिया था। धीरज बोम्मदेवरा, अंकिता भकत और भजन कौर ओलम्पिक में पदार्पण करेंगे, जबकि प्रवीण जाधव का टोक्यो के बाद यह लगातार दूसरा ओलम्पिक खेल होगा।
भारतीय टीम इस प्रकार है-
पुरुष: तरुणदीप राय, धीरज बोम्मदेवरा और प्रवीण जाधव।
महिला: दीपिका कुमारी, भजन कौर और अंकिता भकत।

रिलेटेड पोस्ट्स