पेरिस ओलम्पिक के उद्घाटन समारोह में दिखेगी तिरंगे की झलक

पारम्परिक पोशाक में नजर आएंगे भारतीय एथलीट
बेटियां साड़ी में नजर आएंगी तो पुरुष खिलाड़ी बंडी और कुर्ते में होंगे
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
इस साल जुलाई-अगस्त में होने वाले पेरिस ओलम्पिक की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं और भारतीय एथलीट अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए पूरा दम लगाने को तैयार हैं। चार साल में होने वाले खेल के इस महाकुंभ के उद्घाटन समारोह को लेकर एक दिलचस्प जानकारी सामने आई है। पेरिस ओलम्पिक में पारम्परिक भारतीय पोशाक साड़ी की वापसी हो गई है।
सीन नदी के तट पर होने वाले ओलम्पिक के उद्घाटन समारोह में बेटियां इस बार साड़ी में नजर आएंगी और पुरुष खिलाड़ी बंडी और कुर्ते में सजे-धजे होंगे। उद्घाटन समारोह में इस बार पुरुष और महिला खिलाड़ियों की पोशाक खास होगी। इस पोशाक को देखते ही दुनिया समझ जाएगी कि यह कोई और नहीं बल्कि भारतीय दल है। साड़ी के अलावा बंडी और कुर्ते में भारतीय झंडे के तीनों रंग होंगे। इस पोशाक से तिरंगे की छटा बिखरती नजर आएगी।
2012 के लंदन ओलंपिक तक भारतीय दल ओलंपिक के उद्घाटन समारोह में पगड़ी (पुरुष खिलाड़ी) और साड़ी (महिलाएं) की पारंपरिक पोशाक में उतरता था, लेकिन 2016 के रियो ओलंपिक में पुरुषों के सिर से पगड़ी को हटा दिया गया। 2018 के राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों से साड़ी को भी विदा कर दिया गया। टोक्यो ओलंपिक में महिला खिलाड़ी कोट और पैंट में नजर आईं। हालांकि बीते वर्ष हुए हांगझोऊ एशियाई खेलों में महिला खिलाड़ियों के परिधान में साड़ी को शामिल किया गया।
साड़ी और बंडी पर तिरंगे की झलक दिखेगी 
पेरिस ओलंपिक के लिए भी शुरुआत में महिलाओं की पोशाक में साड़ी शामिल नहीं थीं, लेकिन उच्चाधिकारियों ने महिलाओं के लिए साड़ी पर जोर दिया। इसके बाद साड़ी पर मुहर लग गई। पेरिस में प्रिंटेड साड़ी का बार्डर तिरंगा होगा, जबकि ब्लाउज ताकत और साहस का प्रतीक भगवा रंग का होगा। वहीं, पुरुषों की बंडी पर तिरंगे रंग की छटा होगी।

रिलेटेड पोस्ट्स