पहलवान अमन सहरावत ने भारत को दिलाया ओलम्पिक कोटा

विश्व कुश्ती ओलम्पिक क्वालिफायर में दीपक को नहीं मिली सफलता
पांच कोटा भारतीय महिला पहलवानों ने हासिल किये
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली। एशियाई चैम्पियन अमन सहरावत ने तुर्किये में विश्व कुश्ती ओलम्पिक क्वालिफायर में पुरुषों के 57 किग्रा फ्रीस्टाइल वर्ग में भारत के लिए पेरिस 2024 कोटा हासिल किया। वहीं, दीपक पूनिया असफल रहे। वह पहले ही राउंड में बाहर हो गए। भारत के लिए यह छठा पेरिस ओलम्पिक 2024 कुश्ती कोटा है, जबकि पुरुषों के डिवीजन में पहला है। पिछले सभी पांच कोटा भारतीय महिला पहलवानों ने हासिल किये थे।
अंडर 23 विश्व चैंपियन सहरावत ने सेमीफाइनल में डेमोक्रेटिक पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ कोरिया के चोंगसोंग हान को 12-2 से हराया। इस्तांबुल प्रतियोगिता पहलवानों के लिए आगामी ओलंपिक खेलों के लिए कोटा प्राप्त करने का आखिरी मौका है। प्रत्येक भार वर्ग में तीन कोटा दांव पर हैं।
अपने दोनों मुकाबलो में अमन ने आसानी से जीत हासिल की। पहले उन्होंने जॉजी वालेनतिनोव को 10-4 से मात दी। इसके बाद अमन ने यूक्रेन के एंड्री यातसेंको को हराया। यातसेंको ने भारतीय पहलवान को चुनौती दी लेकिन अमन काफी मजबूत साबित हुए। अमन ने अपने प्रतिद्वंद्वी को ‘टेक डाउन’ के बाद तकनीकी श्रेष्ठता से जीत हासिल की। उन्होंने उत्तर कोरिया के चोंगसोंग हान को 12-2 के अंतर से हराया।